‘मिशन 400 पार’ में जुटे जेपी नड्डा, MP में देर रात तक की बैठक, बीजेपी के नेताओं को दिए जीत के मंत्र

भोपाल. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लगातार चुनावी दौरे कर रहे हैं. इसी कड़ी में 2 मई की शाम वे मध्य प्रदेश दौरे पर पहुंचे. सागर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करने के बाद नड्डा भोपाल पहुंचे. उन्होंने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में देर रात तक चुनाव समिति की बैठक ली. सूत्रों के मुताबिक इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुजरात में पार्टी नेताओं के साथ चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा भी की. 3 मई को जेपी नड्डा अहमदाबाद के लिए रवाना हुए. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने स्टेट हैंगर पर मुलाकात की.

बता दें, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 2 मई को सागर के साथ-साथ विदिशा में भी जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी पिछड़ा, अति पिछड़ा, दलित, आदिवासी भाईयों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है. विपक्ष इनका आरक्षण छीनकर धार्मिक आधार पर आरक्षण देने में लगे हैं. इन्होंने आंध्रप्रदेश में दलित भाईयों और कर्नाटक में पिछड़ा वर्ग के भाईयों का आरक्षण छीनने की कोशिश की. हम कभी भी हमारे दलित, आदिवासी व पिछड़ा वर्ग के आरक्षण पर इन्हें डाका नहीं डालने देंगे. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश स्थित मां महामाई की पावन धरा विदिशा में यह जनता का उत्साह और प्रचंड समर्थन बता रहा है कि प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिल रहा है.

आज अग्रणी राज्यों में खड़ा है मध्य प्रदेश- जेपी नड्डा
नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश बीमारू राज्य से बाहर निकलकर सर्वांगीण विकास की दृष्टि से अग्रणी राज्यों में खड़ा हो गया है. आज हर प्रदेशवासी ‘विकसित भारत, विकसित मध्य प्रदेश’ का संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी के साथ खड़ा है. नड्डा ने कहा कि पहले पाकिस्तान को जवाब देने के लिए दिल्ली से पूछना पड़ता था. मोदी सरकार में हर गोली का मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है.

FIRST PUBLISHED : May 3, 2024, 11:41 IST

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें