मुख्यमंत्री भगवंत मान की सेहत में सुधार, मनीष सिसोदिया अस्पताल में करेंगे मुलाकात
चंडीगढ़/नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अब पहले से बेहतर बताई जा रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी पल्स रेट सामान्य हो रही है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार देखा जा रहा है। डॉक्टरों की मेडिकल टीमें लगातार उनकी निगरानी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान को शुक्रवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें धीमी हृदय गति और कमजोरी की शिकायत के बाद चंडीगढ़ के एक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें एडमिट करने की सलाह दी।
सूत्रों के मुताबिक, भगवंत मान पिछले दो दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। इसी कारण उनका आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा भी स्थगित कर दिया गया था। तब से वह चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर आराम कर रहे थे और वहीं प्राथमिक इलाज भी चल रहा था। हालांकि, शुक्रवार शाम उनकी तबीयत अचानक और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
मुख्यमंत्री की खराब तबीयत के चलते शुक्रवार शाम को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक भी स्थगित करनी पड़ी।
इस बीच, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आज अस्पताल पहुंचकर मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे।
राज्य सरकार और पार्टी की ओर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।