मैक्लोडगंज में सेल्फी लेते वक्त कुएं में गिरा मेडिकल छात्र, इलाज के दौरान मौत
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित मैक्लोडगंज में मंगलवार को एक दुखद हादसा हुआ, जब पंजाब के बटाला के प्रेम नगर निवासी मेडिकल छात्र जस्टिन की कुएं में गिरने से मौत हो गई। जस्टिन अपने दो दोस्तों आशीष और पीटर के साथ भागसूनाग वाटरफॉल पर घूमने आया था और सेल्फी लेते वक्त उसका पैर फिसल गया, जिसके कारण वह गहरे पानी से भरे कुएं में गिर गया।
जैसे ही उसके दोस्तों ने उसे गिरते हुए देखा, उन्होंने मदद के लिए स्थानीय युवकों को बुलाया, जिन्होंने उसे कुएं से बाहर निकाला। जस्टिन को तुरंत टैक्सी में लेकर जोनल हॉस्पिटल धर्मशाला लाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मैक्लोडगंज पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। शव आज पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक के परिजनों को सौंपा जाएगा। कांगड़ा पुलिस ने पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे भागसूनाग वाटरफॉल जैसे खतरनाक स्थलों पर विशेष सावधानी बरतें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।