मोहाली फेज-7 में फर्जी कॉल सेंटर पर पुलिस की रेड, 10 आरोपी गिरफ्तार, विदेशी नागरिकों को ठगने का खुलासा
मोहाली, 24 जून: मोहाली के फेज-7 स्थित मनचंदा टावर में पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर पर रेड मारकर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर विदेशी नागरिकों को ठगने का आरोप है। पुलिस ने इस छापेमारी में कई महत्वपूर्ण चीजें बरामद की हैं, जिनमें 5 लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, 5 हेडफोन, और फॉर्च्यूनर सहित दिल्ली-मोहाली नंबर की कई गाड़ियां शामिल हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पेपाल के नाम पर विदेशी नागरिकों को ठगने का तरीका
डीएसपी साइबर, रूपिंदर सोही के अनुसार, इस फर्जी कॉल सेंटर का संचालन मनचंदा टावर की पहली और तीसरी मंजिल पर हो रहा था। सेंटर में पेपाल कस्टमर सपोर्ट के नाम पर विदेशी नागरिकों को ई-मेल भेजी जाती थी। इन मेल्स में दावा किया जाता था कि उनका पेपाल अकाउंट हैक हो गया है या फिर अकाउंट से संदिग्ध लेन-देन हुआ है। मेल के साथ एक टोल-फ्री नंबर भी दिया जाता था, जो कि इस फर्जी कॉल सेंटर के लैपटॉप पर इंस्टॉल Xlite ऐप से जुड़ा होता था।
फर्जी पेमेंट गेटवे के जरिए ठगी
जब विदेशी नागरिक इस नंबर पर कॉल करते, तो सेंटर का स्टाफ खुद को पेपाल एजेंट बताकर उन्हें डराता कि उनका अकाउंट अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल हो रहा है। इसके बाद, ग्राहक से रिफंड या अकाउंट अनलॉक कराने के नाम पर Apple गिफ्ट कार्ड, बिटकॉइन या डेबिट/क्रेडिट कार्ड की जानकारी ली जाती थी। इस जानकारी का इस्तेमाल कर आरोपियों द्वारा फर्जी पेमेंट गेटवे के माध्यम से राशि को अपने नेटवर्क में ट्रांसफर कर लिया जाता था। इस रकम को हवाला या यूएस डीटी क्रिप्टो के जरिए भारत में कैश कर लिया जाता था।
पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है और अधिक से अधिक आरोपियों और उनके नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए काम कर रही है।