राव इंद्रजीत की डिनर डिप्लोमेसी से हरियाणा की सियासत में हलचल, दक्षिणी विधायकों की एकजुटता पर अटकलें तेज

चंडीगढ़/रेवाड़ी, 1 जुलाई 2025:
केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह की डिनर डिप्लोमेसी ने हरियाणा की सियासत में हलचल मचा दी है। चंडीगढ़ में उनकी बेटी आरती राव के आवास पर आयोजित रात्रिभोज में दक्षिणी हरियाणा के 11 भाजपा और एक कांग्रेस विधायक की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में चर्चाओं को हवा दे दी है। इस मुलाकात को अहीरवाल बेल्ट की एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
यह डिनर ऐसे वक्त पर हुआ है जब मुख्यमंत्री नायब सैनी और राव इंद्रजीत सिंह के बीच संबंधों में तनाव की चर्चाएं चल रही हैं। 15 जून को रेवाड़ी में आयोजित धन्यवाद रैली के मंच से राव इंद्रजीत ने सीएम सैनी को सार्वजनिक रूप से याद दिलाया था,
“मुख्यमंत्री जी, हमने आपकी सरकार बनाई है, हमारा हक बनता है, हमारा काम किया जाए।”
इसके जवाब में सीएम सैनी ने मंच से कहा था,
“हम किसी जाति की नहीं, पौने तीन करोड़ लोगों की सरकार हैं। यह रिश्ता राजनीतिक नहीं, दिल का है।”










