लीड्स टेस्ट: भारत-इंग्लैंड के बीच सीरीज का पहला मुकाबला आज, साई सुदर्शन करेंगे डेब्यू, शुभमन गिल करेंगे कप्तानी की शुरुआत

लीड्स टेस्ट: भारत-इंग्लैंड के बीच सीरीज का पहला मुकाबला आज, साई सुदर्शन करेंगे डेब्यू, शुभमन गिल करेंगे कप्तानी की शुरुआत

लीड्स के प्रतिष्ठित हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला आज दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। कुछ ही देर में टॉस की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस ऐतिहासिक मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर रहे हैं। उन्हें डेब्यू कैप अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने सौंपी। सुदर्शन भारत के 317वें टेस्ट खिलाड़ी बने हैं।

इस मैच से दोनों टीमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 साइकिल की शुरुआत करेंगी। भारत इससे पहले WTC के दोनों फाइनल में पहुंचा था लेकिन खिताब से चूक गया था। 2021 में न्यूजीलैंड और 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को फाइनल में शिकस्त दी थी। इंग्लैंड अब तक WTC फाइनल खेलने में नाकाम रहा है और इस बार नए जोश के साथ अभियान की शुरुआत करेगा।

भारतीय टीम इस बार एक नए युग की शुरुआत कर रही है। 25 वर्षीय शुभमन गिल पहली बार टीम की कमान संभाल रहे हैं। दूसरी ओर इंग्लैंड की कप्तानी एक बार फिर अनुभवी ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के हाथों में है, जिनकी आक्रामक कप्तानी के लिए वह प्रसिद्ध हैं।

हेडिंग्ले में भारत का रिकॉर्ड मिला-जुला रहा है। यहां खेले गए 7 मुकाबलों में टीम को 2 जीत और 4 हार का सामना करना पड़ा है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है। भारत ने यहां आखिरी बार 2021 में टेस्ट खेला था, जिसमें उसे इंग्लैंड के खिलाफ पारी और 76 रन से करारी शिकस्त मिली थी।

सीरीज के इस पहले मुकाबले में जहां एक ओर भारत युवा नेतृत्व और नए चेहरों के साथ मैदान पर उतरेगा, वहीं इंग्लैंड घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें