लुधियाना: आत्म पार्क पुलिस चौकी के सामने चार मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, लाखों का नुकसान
लुधियाना, 16 सितंबर – शहर के व्यस्त इलाके आत्म पार्क में रविवार रात करीब 10:30 बजे एक चार मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग की शुरुआत बिल्डिंग की पहली मंजिल पर बनी दुकानों से हुई, जिनमें से तीन कार एसेसरीज की दुकानें थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
चारों तरफ से बंद थी बिल्डिंग, आग बुझाने में मुश्किल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब लोगों ने आग की लपटें और धुआं उठता देखा, तो उन्होंने तुरंत शोर मचाया और खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन बिल्डिंग चारों तरफ से बंद होने के कारण प्रयास सफल नहीं हो सके।
राहगीर ने दी सूचना, दमकल विभाग की 6 से 8 गाड़ियों ने पाया काबू
राहगीर रोहन ने बताया कि वह वहां से गुजर रहा था जब उसने बिल्डिंग से धुआं निकलता देखा। पास जाकर देखा तो आग कार एसेसरीज की दुकानों में लगी हुई थी और अंदर से फूटने की आवाजें आ रही थीं। उसने तुरंत आसपास के लोगों को सतर्क किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
दमकल विभाग की 6 से 8 पानी की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। करीब अढ़ाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। आसपास की बिल्डिंगों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
लाखों का माल जलकर राख, जानी नुकसान नहीं
आग में कार एसेसरीज का सारा सामान जलकर राख हो गया। दुकानदारों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि समय रहते आग को कंट्रोल कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन और पुलिस मौके पर मौजूद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। घटनास्थल की जांच की जा रही है ताकि आग लगने के सही कारणों की पुष्टि की जा सके।