लुधियाना पश्चिम उपचुनाव: रवनीत सिंह बिट्टू का आम आदमी पार्टी पर तंज, कहा – “घोषणा पत्र नहीं, बार मेन्यू 2 बजे तक उपलब्ध”
लुधियाना, 16 अप्रैल — लुधियाना के पश्चिम हलके में होने वाले आगामी उपचुनावों से पहले राजनीतिक बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर तंज कसते हुए कहा है कि “लुधियाना उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के पास कोई घोषणा पत्र नहीं है, लेकिन बार मेन्यू रात 2 बजे तक उपलब्ध रहेगा।”
बिट्टू का यह बयान हाल ही में पंजाब सरकार द्वारा लुधियाना में होटलों और बारों को रात 2 बजे तक खुला रखने की अनुमति देने के बाद सामने आया है। यह फैसला लुधियाना के होटल कारोबारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए लिया गया है।
AAP के राज्यसभा सदस्य और सांसद संजीव अरोड़ा, जो इस बार पश्चिम हलके से पार्टी के उम्मीदवार हैं, ने दावा किया कि उन्होंने पार्टी हाईकमान से यह फैसला करवाया है, ताकि स्थानीय व्यवसायियों को राहत मिल सके और रात्रि अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया जा सके।
हालांकि, रवनीत बिट्टू ने इस फैसले को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इससे सरकार की प्राथमिकताएं साफ हो जाती हैं। “प्रदेश के मुखिया का विजन उनके फैसलों में झलकता है,” उन्होंने कहा।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब बिट्टू ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा हो। उपचुनाव की सरगर्मियों के बीच दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है।