लुधियाना में काला पानी मोर्चा का प्रदर्शन, पुलिस ने 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया

पंजाब के लुधियाना में काला पानी मोर्चा के सदस्यों ने रंगाई उद्योग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शनकारी पुराने नाले को बंद करने और केमिकल युक्त पानी को सतलुज नदी में गिरने से रोकने के लिए बांध बनाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान, पुलिस ने काला पानी मोर्चा के नेता लक्खा सिधाना, सोनिया मान समेत 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। कल पूरा दिन फिरोजपुर रोड पर जाम लगा रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन के दौरान, सीईटीपी (कॉमन ईफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) के बंद होने की खबर फैलने पर प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन खत्म कर दिया। हालांकि, देर रात पंजाब डाइंग एसोसिएशन के डायरेक्टर कमल चौहान ने एक वीडियो जारी करते हुए इस खबर को झूठा बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी सीईटीपी प्लांट बंद नहीं होगा, क्योंकि उनके पास एनजीटी (राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण) का स्टे ऑर्डर है।

सीईटीपी प्लांट बंद नहीं होगा, स्टे ऑर्डर 20 मार्च 2025 तक बढ़ा: कमल चौहान
पंजाब डाइंग एसोसिएशन के डायरेक्टर कमल चौहान ने बताया कि सीईटीपी (कॉमन ईफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) के बंद होने की झूठी खबर फैलाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 2 दिसंबर 2024 को इस मामले की तारीख थी, जिसमें काला पानी मोर्चा के सदस्य कपिल अरोड़ा और जसकीरत सिंह भी उपस्थित थे। चौहान के मुताबिक, डाइंग इंडस्ट्री के लिए स्टे ऑर्डर को 20 मार्च 2025 तक बढ़ा दिया गया है, जिसका मतलब है कि कोई भी एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) बंद नहीं होगा।
चौहान ने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर कानूनी रूप से अपनी बात रख रहे हैं और सभी भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।










