लुधियाना में किताबों के रेट को लेकर हंगामा, मीडिया कर्मी पर हमला, पुलिस ने दो गिरफ्तार किए
पंजाब के लुधियाना में सोमवार को सराभा नगर इलाके में एक बुक्स विक्रेता की दुकान पर किताबों के रेट को लेकर हंगामा हो गया। कई पेरेंट्स ने बुक्स विक्रेताओं पर MRP (मैक्सिमम रिटेल प्राइस) पर किताबें बेचने का आरोप लगाया। पेरेंट्स का हंगामा देख कुछ मीडिया कर्मी वहां कवरेज करने पहुंचे।
इस दौरान, एक फोटो जर्नलिस्ट (छाया पत्रकार) ने जब बुक्स शॉप के कर्मचारी से MRP पर किताबें बेचे जाने और पेरेंट्स द्वारा विरोध किए जाने के कारण पूछा, तो उसने मीडिया कर्मी के मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद हंगामा और बढ़ गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दो लोगों को किया काबू
मीडिया कर्मियों ने जब बुक्स शॉप के मालिक को इस घटना के बारे में सूचित किया, तो उसने भी मीडिया कर्मियों से बदतमीजी की। सरेआम बुक्स विक्रेताओं की धक्केशाही को देख मीडिया कर्मियों ने थाना सराभा नगर की पुलिस को सूचित किया। मौके पर एसएचओ नीरज चौधरी पहुंचे और उन्होंने दो लोगों को गिरफ्तार किया।
महिला अलका ने बताया कि उन्हें स्कूल प्रबंधन द्वारा कहा गया था कि सराभा नगर के इलाके में एक बुक डिपो बना है, जहां से किताबें मिलेंगी। जब वे वहां पहुंचे, तो देखा कि MRP पर किताबें बेची जा रही हैं और किसी प्रकार का डिस्काउंट भी नहीं दिया जा रहा। अलका ने कहा, “आज हमारे सामने ही मीडिया कर्मियों पर भी हाथ उठाया गया।”
पेरेंट्स सिम्मी ने कहा, “मैं अपने तीसरी कक्षा के बच्चे की किताबें लेने आई थी। मेरा बेटा कान्वेंट स्कूल में पढ़ता है। हमें सिर्फ किताबें चाहिए थीं, लेकिन नोटबुक के पैसे किताबों के बीच में जोड़ कर कहा जा रहा था कि नोटबुक फ्री है।”