लुधियाना में गंदे नाले के ओवरफ्लो से हाहाकार, कई इलाकों में जलभराव – निगम की लापरवाही उजागर

लुधियाना में गंदे नाले के ओवरफ्लो से हाहाकार, कई इलाकों में जलभराव – निगम की लापरवाही उजागर

लुधियाना में गंदा नाला में गैस भर जाने के बाद ओवरफ्लो हो रहे ढक्कन। - Dainik Bhaskar

लुधियाना, 14 सितंबर 2025: शहर के कई इलाकों में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक गंदे नाले के ओवरफ्लो होने से गलियों और घरों में गंदा पानी भर गया। ये हालात नाले की समय पर सफाई न होने के कारण पैदा हुए, जिससे गंदगी और पानी रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच गया।

जानकारी के मुताबिक, ये गंदा नाला गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब से शुरू होकर गोशाला रोड तक जाता है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे के बाद पानी का स्तर अचानक बढ़ गया, जिससे दो वार्डों में हालात गंभीर हो गए। कई घरों के दरवाजों तक गंदा पानी पहुंच गया।

इलाका निवासी दीपक अरोड़ा ने बताया कि नाले की समय पर सफाई नहीं करवाई जाती, जिससे उसके नीचे की जमीन में गैस भर जाती है। परिणामस्वरूप कहीं-कहीं जमीन उखड़ रही है और गटर के ढक्कन अपने आप ऊपर उठ रहे हैं। अरोड़ा ने यह भी कहा कि एक पाइपलाइन के टूटने की जानकारी सामने आई है, जो इस जलभराव का मुख्य कारण हो सकती है।

हालात की गंभीरता को देखते हुए रात 12 बजे तक नगर निगम के कर्मचारी जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचे, और गटरों को खोलकर सफाई का कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब नगर निगम की लापरवाही का परिणाम है क्योंकि बरसात से पहले नाले की सफाई नहीं करवाई गई थी

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अशोक पराशर पप्पी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायज़ा लेते हुए बताया कि पहले भी ढोक्का मोहल्ला समेत अन्य इलाकों में बरसात के दौरान जलभराव हो चुका है। उन्होंने बताया कि करीब 16-16 फुट तक नाला ढका हुआ है, जिससे निकासी में बाधा आ रही है।

स्थिति को काबू में लाने के लिए मौके पर डिस्पोजल पंप और अन्य मशीनरी लगाई गई है, ताकि पानी को तेजी से मेन लाइन में डाला जा सके और जनजीवन सामान्य हो सके।

स्थानीय लोग नगर निगम से मांग कर रहे हैं कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए और नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें