लुधियाना में नशे के खिलाफ मुहिम की शुरुआत, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने बच्चों को दिलाई शपथ
पंजाब के लुधियाना में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी (AAP) के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने आज (2 अप्रैल) को नशे के खिलाफ एक अहम कदम उठाया। दोनों नेताओं ने छह हजार बच्चों को नशे से मुक्ति के लिए शपथ दिलाई और एक मार्च पास्ट का आयोजन किया। इस मार्च को हरी झंडी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने दी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस दौरान एक स्पष्ट संदेश दिया कि पंजाब में नशे के तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “जो तस्करों ने लोगों के घरों को उजाड़कर महल बनाए हैं, वहां दीपमालाएं नहीं होंगी, वहां बुलडोजर चलेगा। पंजाब जल्द ही नशा मुक्त होगा।”
सीएम मान ने यह भी बताया कि पंजाब की पंचायतें नशा मुक्त गांवों के प्रस्ताव पारित कर रही हैं और नशे के खिलाफ इस संघर्ष में आम लोगों का योगदान बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों का आह्वान करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ पुलिस तक सीमित नहीं रह सकती, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए पंजाब सरकार ने एक व्हाट्सएप नंबर (9779100200) जारी किया है, जिस पर नशे से संबंधित जानकारी देने वालों को पूरी गोपनीयता के साथ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
अरविंद केजरीवाल ने भी इस मौके पर पुरानी सरकारों को नशे के मुद्दे के लिए जिम्मेदार ठहराया और राज्य के विकास में इस समस्या को खत्म करने का वादा किया।
साथ ही, सीएम मान ने यह भी कहा कि तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उनके घरों पर बुलडोजर चलेगा, जैसा कि हाल ही में मुक्तसर साहिब में हुआ था।