लुधियाना में पुलिस ने बदमाशों का एनकाउंटर किया, गैंगस्टर प्रभ दास्सूवाल से जुड़ा मामला सामने आया
लुधियाना में थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस और सीआईए स्टाफ की टीम ने रात करीब साढ़े 12 बजे धांदरा रोड पर तीन बदमाशों का एनकाउंटर किया। यह बदमाश बिना नंबर की स्विफ्ट कार में सवार थे और पहले पुलिस पर फायरिंग की थी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों की जांघ में गोली मारी, जिससे वे घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो अवैध पिस्तौल भी बरामद की हैं।
घायल बदमाशों की पहचान अंकुश (23), मुदित (24) और अभिजीत मंड (24) के रूप में हुई है। इन तीनों को देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अब इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने वाली है।
गौरतलब है कि इन बदमाशों में से एक ने खुद को गैंगस्टर प्रभ दास्सूवाल बताते हुए एक ट्रैवल एजेंट को धमकाया था। प्रभ दास्सूवाल फिलहाल अमेरिका में रह रहा है। बदमाशों ने इस ट्रैवल एजेंट से 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी।
16 मार्च को ट्रैवल एजेंट को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था, जिसमें कॉलर ने खुद को प्रभ दास्सूवाल बताते हुए एजेंट को धमकाया था। उसने एजेंट को बताया कि उसे उसके परिवार और उनकी दिनचर्या के बारे में सारी जानकारी है, और उसने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। बदमाश ने ट्रैवल एजेंट को पैसे न देने पर उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी।
थाना डिवीजन नंबर 6 की SHO कुलवंत कौर ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है और इस मामले की जांच जारी है। पुलिस अब कॉल करने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है।