लुधियाना में सतलुज नदी बनी कहर: 300 एकड़ फसल तबाह, सेना से मांगी मदद
लुधियाना, पंजाब | 24 सितंबर 2025: पंजाब के लुधियाना जिले की ससराली कॉलोनी के पास स्थित धूसी बांध की हालत दिनों-दिन बिगड़ती जा रही है। सतलुज नदी ने अपना रास्ता बदल लिया है, जिससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कटाव हो रहा है। अब तक 300 एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि और फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय किसानों में भारी रोष और चिंता का माहौल है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन के निर्देश पर एसडीएम जसलीन कौर ने भारतीय सेना को पत्र भेजकर तुरंत इंजीनियरिंग सहायता की मांग की है। यह पत्र पंजाब के मुख्य सचिव को भी भेजा गया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मत्तेवाड़ा क्षेत्र में सतलुज नदी के तेज प्रवाह के कारण धूसी बांध के बाहर की कृषि भूमि में निरंतर कटाव हो रहा है। इससे न केवल किसानों की कीमती जमीनें खतरे में हैं, बल्कि बांध की सुरक्षा भी दांव पर लग गई है।
एसडीएम जसलीन कौर ने कहा कि प्रशासन अपनी तरफ से हर संभव प्रयास कर रहा है, लेकिन हालात ऐसे हैं कि अब सेना की इंजीनियरिंग विंग की मदद जरूरी हो गई है। अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो नुकसान और ज्यादा बढ़ सकता है।
प्रशासन ने इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है और संभावित खतरे को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।