लुधियाना: हंबड़ा रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, कश्मीरी छात्र की मौत, दो गंभीर

लुधियाना: हंबड़ा रोड पर तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, कश्मीरी छात्र की मौत, दो गंभीर

लुधियाना, 30 जुलाई: लुधियाना के हंबड़ा रोड पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक कश्मीरी छात्र की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर तीन कश्मीरी युवक सवार थे।

राहगीरों की मदद से तीनों को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुदारिस अहमद (निवासी पट्टन, बारामूला) को मृत घोषित कर दिया। ज़ाहिद अहमद (बांदीपोरा) और मोमिन अहमद (बटिंगू, सोपोर) की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है।

मृतक बीएससी नर्सिंग का छात्र था

जानकारी के मुताबिक, मुदारिस अहमद लुधियाना के सरस्वती कॉलेज में बीएससी नर्सिंग अंतिम वर्ष का छात्र था। तीनों छात्र दोस्त थे और एक ही बाइक पर जा रहे थे कि अचानक हंबड़ा रोड पर तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

शव शवगृह में, परिजनों ने की सरकार से अपील

मुदारिस का शव दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। परिजनों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अपील की है कि छात्र का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उसके गृहनगर भेजा जाए, ताकि अंतिम संस्कार समय पर हो सके।

पुलिस कार ड्राइवर की तलाश में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। कार चालक मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी पहचान करने और गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है। मृतक छात्र के परिवार ने आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें