श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज का बड़ा बयान – “गुरु से जुड़ना ही सच्ची राह”
पटियाला: शनिवार रात अर्बन एस्टेट स्थित गुरुद्वारा साहिब में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने शिरकत की। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कई अहम मुद्दों पर अपने विचार रखे।
जत्थेदार गड़गज ने कहा, “हमारे गुरुओं की बाणी हमें एकजुट रहने और सबको साथ लेकर चलने की प्रेरणा देती है। जब हम गुरु से दूर हो जाते हैं, तो बुराइयां घर कर लेती हैं। हमारी मुहिम है कि लोग गुरु के करीब आएं और सच्चे अनुयायी बनें।” उन्होंने यह भी कहा कि संगत इस अभियान में भरपूर साथ दे रही है।
धर्म परिवर्तन पर सख्त रुख पंजाब में धर्म परिवर्तन के सवाल पर जत्थेदार गड़गज ने स्पष्ट किया कि “जो सिख वास्तव में गुरु के मार्ग पर चलता है, वह कभी भी धर्म नहीं बदल सकता। ऐसा केवल वही करते हैं जिन्हें अपने इतिहास और विरासत की समझ नहीं होती। हमारा इतिहास हमें सिखाता है कि सिर कटा सकते हैं, मगर अपनी पहचान नहीं छोड़ते।”
साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि, “हमें किसी से नफरत नहीं करनी है। गुरु साहिबान ने हमें प्रेम और समरसता का रास्ता दिखाया है। हमारा उद्देश्य सबको जोड़ना है, तोड़ना नहीं।”
कश्मीर आतंकी हमले पर जताया दुख हाल ही में कश्मीर में हुए आतंकी हमले को लेकर जत्थेदार गड़गज ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “जो लोग इस हमले में मारे गए, परमात्मा उन्हें अपने चरणों में स्थान दे। यह बहुत गलत और असहनीय घटना है। किसी को किसी की जान लेने का अधिकार नहीं है।”
समाज सेवा की अपील जत्थेदार गड़गज ने समाज में सेवा भाव को बढ़ावा देने की अपील की और कहा कि “सिख परंपरा में दसवंद की परंपरा है, हमें अपनी कमाई का एक हिस्सा बिना धर्म देखे गरीबों और जरूरतमंदों की मदद में लगाना चाहिए। जब हम गुरुओं की बातों को अपनाएंगे, तो समाज में बदलाव भी नजर आएगा।”