श्रेयस तलपड़े के खिलाफ उत्तर प्रदेश में चिटफंड घोटाले के आरोप, पुलिस ने दर्ज की शिकायत
फिल्म इमरजेंसी में अभिनय कर चुके एक्टर श्रेयस तलपड़े के खिलाफ उत्तर प्रदेश में शिकायत दर्ज की गई है। उन पर आरोप हैं कि उनका नाम उत्तर प्रदेश में हुए करोड़ों के चिटफंड घोटाले में शामिल है। श्रेयस के अलावा 14 अन्य लोगों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गई है।
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, श्रेयस तलपड़े लोनी अर्बन मल्टीस्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड नामक कंपनी से जुड़े हुए हैं। इस कंपनी ने ग्रामीणों से पैसे लेकर दोगुना रिटर्न देने का वादा किया था। कंपनी के एजेंट्स ने श्रेयस तलपड़े को अपनी स्कीम को प्रमोट करने के लिए इस्तेमाल किया, जिससे लोगों को यह स्कीम आकर्षक और विश्वसनीय लगी। इस धोखाधड़ी के तहत कई ग्रामीणों ने लाखों रुपए जमा किए थे, लेकिन जब वे पैसे वापस मांगने पहुंचे, तो कंपनी ने अपना ऑफिस बंद कर दिया और एजेंट्स फरार हो गए।
इस मामले में महोबा के श्रीनगर पुलिस स्टेशन में कंपनी के चेयरमैन और श्रेयस तलपड़े समेत 15 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और जांच में सामने आया है कि कंपनी के सभी संपर्क नंबर बंद हैं।
यह पहली बार नहीं है जब श्रेयस तलपड़े पर धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। इस साल की शुरुआत में उन्हें और आलोक नाथ को लखनऊ के इन्वेस्टर्स से 9 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में नामित किया गया था। इसके अलावा, उनका नाम हरियाणा के सोनीपत में एक मल्टीलेवल मार्केटिंग धोखाधड़ी के मामले में भी सामने आया था।
श्रेयस तलपड़े की आने वाली फिल्मों में वेलकम टु द जंगल है, जिसमें वह अक्षय कुमार, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस, जॉनी लीवर, राजपाल यादव और सुनील शेट्टी जैसे सितारों के साथ नजर आएंगे। इसके अलावा, श्रेयस ने फिल्म पुष्पा के हिंदी वर्जन में अल्लू अर्जुन को अपनी आवाज दी थी।