सर्दियों में गुड़ खाने के फायदें, जानिए डॉक्टर की सलाह
सर्दी के मौसम में बढ़ते प्रदूषण और कोहरे से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में गुड़ को अपनी डाइट में शामिल करने की सलाह दी जा रही है। सदर अस्पताल गिरिडीह की आयुर्वेदिक डॉक्टर पूनम राय के अनुसार, गुड़ में कई अहम पोषक तत्व होते हैं, जो सर्दियों में सेहत को लाभ पहुंचाते हैं।
डॉ. राय ने बताया कि गुड़ में एंटीऑक्सीडेंट, आयरन और मैग्नीशियम जैसे महत्वपूर्ण विटामिन होते हैं। सर्दियों में प्रदूषण का स्तर बढ़ने से हृदय और सांस संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, लेकिन गुड़ इन समस्याओं को कम करने में मदद करता है। गुड़ खाने से शरीर के अंदर के नुकसान को कम किया जा सकता है, खासकर धूल और प्रदूषण के कारण होने वाले प्रभाव को।
गुड़ पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है और वजन घटाने में भी मदद करता है। इसमें जिंक भी पाया जाता है, जो पेट साफ रखने और अपच, एसिडिटी जैसी समस्याओं से बचने में सहायक है। रात को सोने से पहले गुड़ खाना बेहद फायदेमंद होता है, क्योंकि यह पेट की चर्बी कम करने और चेहरे पर निखार लाने में मदद करता है।
डॉ. राय के अनुसार, “रात को सोने से पहले गुड़ का एक छोटा टुकड़ा लें और इसे गुनगुने पानी या गर्म दूध के साथ सेवन करें। यह आपकी सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है और कई बीमारियों से बचाव कर सकता है।”
तो, सर्दियों में सेहतमंद रहने के लिए गुड़ को अपनी डाइट में शामिल करें और इसके फायदों का आनंद लें।