सिद्धू मूसेवाला के 32वें जन्मदिन पर एल्बम “Moose Print” रिलीज, फैंस को मिला खास तोहफा

मानसा | 11 जून 2025 – आज दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का 32वां जन्मदिन है। इस मौके पर उनके फैंस के लिए एक खास तोहफा सामने आया है। सिद्धू की नई म्यूजिक एल्बम “Moose Print” आज रिलीज की जा रही है, जिसमें उनके तीन अनसुने गाने शामिल हैं – 0008, नेल्स और टेक नोट्स।
इस एल्बम के जरिए सिद्धू के पिता बलकौर सिंह ने बेटे की याद को फिर से ताज़ा किया है। उन्होंने कहा, “मौत से पहले सिद्धू अपने, मेरे और अपनी मां के जन्मदिन पर हर बार नया गाना रिलीज करता था। हम नहीं चाहते कि उसका शुरू किया हुआ ये सिलसिला थमे। यही सोचकर आज उसके जन्मदिन पर ये एल्बम रिलीज की जा रही है।”
फैंस की भावनाओं का सम्मान
बलकौर सिंह ने यह भी बताया कि सिद्धू के जितने भी गाने रिकॉर्ड हैं, उन्हें धीरे-धीरे रिलीज किया जा रहा है, ताकि हर साल उसके जन्मदिन पर फैंस को कुछ नया सुनने को मिले। “जो सिद्धू के जीते जी उसके चाहने वाले चाहते थे, वही इस एल्बम में मिलेगा,” उन्होंने कहा।
सोशल मीडिया पर जबरदस्त रिस्पॉन्स
एल्बम “Moose Print” का पोस्टर इंस्टाग्राम पर पहले ही रिलीज किया जा चुका है और अब तक 1.3 मिलियन से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। फैंस में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह है और सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है #MoosePrint और #HappyBirthdaySidhuMooseWala।
सिद्धू मूसेवाला: एक झलक
-
पूरा नाम: शुभदीप सिंह सिद्धू
-
जन्म: 11 जून 1993, गांव मूसा, जिला मानसा (पंजाब)
-
मृत्यु: 29 मई 2022, गांव जवाहरके में गोली मारकर हत्या
-
पहचान: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का चमकता सितारा, जिसने युवाओं में खास पहचान बनाई










