विशाल झा /गाजियाबाद: सोचिए उस दौरान क्या होगा, जब आपका बच्चा स्कूल में न मिले. स्वाभाविक है आपकी घबराहट और परेशानी सातवें आसमान पर होगी. ऐसा ही कुछ नजारा गाजियाबाद के एक स्कूल में देखने को मिला है. यहां पर ये घटना किसी एक बच्चे के साथ नहीं, बल्कि स्कूल के सभी छात्रों के साथ ऐसा हुआ है. दरअसल, गाजियाबाद में एक निजी स्कूल ने अभिभावकों को बिना बताए बच्चों को दूसरी ब्रांच भेज दिया. जब अभिभावक दोपहर को स्कूल पहुंचे तो वहां बच्चे नहीं थे. इस बात से नाराज अभिभावक अब स्कूल के बाहर धरना प्रदर्शन दे रहे हैं.
बिना अभिभावकों के बताए बदल दी ब्रांच
गाजियाबाद देहरादून पब्लिक स्कूल के खिलाफ अभिभावक इन दिनों गुस्से में नजर आ रहे है. दरअसल, इस स्कूल में पढ़ने वाले दर्जनों बच्चों को संजय नगर ब्रांच से मधुबन बापूधाम की ब्रांच में शिफ्ट कर दिया गया है. इस बारे में स्कूल प्रशासन ने बच्चों के अभिभावकों से कोई भी बात नहीं की. जब अभिभावकों ने सवाल पूछा, तो स्कूल प्रशासन ने वर्तमान ब्रांच में निर्माण कार्य की बात कही और मधुबन बापूधाम ब्रांच जाने की अपील की. अब अभिभावक ढोल के साथ स्कूल के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.
नई ब्रांच 5 किलोमीटर दूर
आपको बता दे कि संजय नगर से मधुबन बापूधाम की दूरी 5 किलोमीटर से भी ज्यादा है. इन बच्चों के दाखिले के समय यह बात अभिभावकों को नहीं बताई गई. इस मामले को लेकर गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और गाजियाबाद के सिटी एडीएम को भी शिकायत दी है. फिलहाल, दर्जनों अभिभावक स्कूल के बाहर अनिश्चितकाल के लिए धरना प्रदर्शन पर बैठ गए हैं. इनके साथ पढ़ने वाले बच्चे भी बैठे हुए हैं. इन बच्चों को अब स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है.
स्कूल की तरह से नहीं मिला जवाब
इस पूरी घटना को लेकर लोकल-18 की टीम ने स्कूल प्रशासन से कई बार बात करने की कोशिश की. लेकिन, उनकी तरफ से कोई भी जवाब नहीं आया. धरना प्रदर्शन दे रही अभिभावक सौम्या बताती हैं कि अभिभावकों को बिना बताए बच्चों की ब्रांच बदल दी. बच्चों ने घर आकर यह बात जब बताई, तो शिक्षकों से बात करने के लिए अभिभावक पहुंचे. फिर वहां पर अभिभावकों को भी ठीक से जवाब नहीं दिया गया.
Tags: Ghaziabad News, Local18
FIRST PUBLISHED : May 3, 2024, 11:52 IST










