हरसिमरत कौर बादल का पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मॉडल पर हमला, डॉक्टरों के लिए 50 रुपये प्रति मरीज भुगतान को बताया अपमानजनक
शिरोमणि अकाली दल (SAD) की नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने पंजाब सरकार के नए स्वास्थ्य मॉडल पर तीखा हमला किया है। उन्होंने पंजाब सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक विज्ञापन का विरोध करते हुए इसे डॉक्टरों का अपमान करार दिया है।
इस विज्ञापन के अनुसार, पंजाब सरकार MBBS डॉक्टरों को 50 रुपये प्रति मरीज के हिसाब से भुगतान करेगी और न्यूनतम 50 मरीजों की गारंटी दी जाएगी। इस नीति पर सवाल उठाते हुए हरसिमरत कौर बादल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए पूछा कि यह ‘वर्ल्ड क्लास सिस्टम’ उन्हें कहां से उधार मिला है?
उन्होंने इस भर्ती प्रणाली को शिक्षित युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया और कहा कि इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी भर्तियां सरकार के स्थापित नियमों के अनुसार की जाएं, ताकि युवाओं को स्थिर और सम्मानजनक नौकरी मिल सके।
विज्ञापन के अनुसार, मेडिकल ऑफिसर (MBBS) के पद के लिए वॉक-इन इंटरव्यू 1 अप्रैल 2025 को आयोजित किए जाएंगे, जिसमें डॉक्टरों को 50 रुपये प्रति मरीज के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। हालांकि, विपक्षी दलों ने इस नीति को डॉक्टरों के लिए अपमानजनक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है।
विज्ञापन में यह भी कहा गया है कि उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 64 वर्ष होगी और उन्हें अपनी योग्यता, अनुभव, रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज साथ लाने होंगे।