हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने सरपंचों की मांग पूरी की, जींद से पटियाला तक बस सेवा शुरू
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के सरपंचों की मांग को 12 घंटे के भीतर पूरा कर दिया। उन्होंने सरपंचों की मांग के अनुरूप जींद से पटियाला (पंजाब) तक के सीमावर्ती गांवों के रूट पर हरियाणा रोडवेज की बस चला दी है।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने श्रीगंगानगर-नादर एक्सप्रेस 12485-12486 और सरबत दा भला एक्सप्रेस 12421-12422 ट्रेनों के जींद जिले के धमतान साहिब में स्टॉपेज लगाने का अनुरोध किया है। सीएम ने यह कदम श्रद्धालुओं की आस्था और आम जनता के हित में उठाया है।
कल ही पंजाब से आए सरपंचों ने इन दोनों ट्रेनों के स्टॉपेज और बस सेवा की मांग की थी, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तत्काल पूरा किया।
CM सैनी की सरपंचों ने तारीफ की
रविवार को सीएम आवास में पंजाब के संगरूर जिले के लहरा विधानसभा क्षेत्र से आए 15 से ज्यादा सरपंचों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान, सभी सरपंचों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सादगी और उनके काम करने के तरीके की जमकर तारीफ की। सरपंचों ने अपनी समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा, जिन्हें मुख्यमंत्री ने ध्यान से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
सरपंच बोले- पंजाब को भी सैनी जैसा CM मिल जाए
सीएम से मुलाकात के बाद सरपंचों ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए कदम उठाए। सरपंचों ने यह भी कहा कि हमारे पंजाब के मुख्यमंत्री इतने व्यस्त रहते हैं कि वे कभी भी मिलने का समय नहीं देते। हमें खुशी है कि हमें हरियाणा के मुख्यमंत्री से मिलने का मौका मिला और वे इतने सम्मान के साथ हमारे मुद्दों को सुने।
उन्होंने यह भी कहा कि वे चाहते हैं कि पंजाब को भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जैसा मुख्यमंत्री मिले।
हरियाणा के पंचायत फंड की तारीफ
सरपंचों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार ने पंचायतों को विकास कार्यों के लिए पूरी स्वतंत्रता दी है और वित्तीय मदद में कोई कमी नहीं आने दी है। वहीं, पंजाब सरकार ने पंचायतों को विकास के लिए पर्याप्त फंड नहीं दिए। सरपंचों ने मुख्यमंत्री सैनी को पंजाब आने का न्योता भी दिया।