चंडीगढ़. हिमाचल प्रदेश के युवक की चंडीगढ़ (Chandigarh)से सटे नयागांव में मर्डर का मामला सामने आया है. दो दिन पहले हुए इस हत्याकांड में अब पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दो दिन पहले 20 साल के आशीष का शव नया गांव में मिला था. अब मोहाली पुलिस ने हत्याकांड का पटाक्षेप कर दिया है. आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, शिमला का रहने वाला आशीष चंडीगढ़ में नौकरी करता था. 31 मार्च को वह जब नौकरी के बाद अपने कमरे पर जा रहा था तो नयागांव के विकास नगर में उसका दो युवकों ने मर्डर कर दिया. आरोपियों ने लूट के इरादे से आशीष पर हमला किया और फिर चाकू से उसकी हत्या कर दी.
News18 से बातचीत में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ़ पुलिस मोहित अग्रवाल ने बताया कि दो दिन पहले नया गांव से एक शव बरामद हुआ था. यह बिल्कुल ब्लाइंड मर्डर था. युवक की छाती पर चाकू से वार किए गए थे. जांच में पुलिस को पता चला है कि लूट के इरादे से कत्ल किया गया था. नयागांव के ही आकाश पच्चीसिया और करण ने मर्डर को अंजाम दिया था.पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर ले लिया है.
आशीष हिमाचल के शिमला का रहने वाल था. वह अपने काम से लौटकर नयागांव जा रहा था. इसी बीच विकास नगर में आकाश और उसके साथी करण में लूटने के लिए योजना बनाई और उसे घेर लिया. इस बीच तीनों में बहस और हाथापाई हो गई, गुस्से में आकर आकाश और उसके दोस्त करण ने आशीष पर चाकू से हमला कर दिया. इस कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई और दोनों आरोपी डरकर वहां से भाग गए. आशीष की मां के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि उसकी छाती पर तेज नुकीले हथियार से कई बार किए गए हैं.
बताया जा रहा है कि मौके पर पुलिस को एक फोन बरामद हुआ था. इसमें हालांकि, सिम कार्ड नहीं था. बाद में पुलिस ने इसमें डायल नंबरों के जरिये जांच की और आरोपियों तक पहुंची.
.
Tags: Chandigarh latest news, Chandigarh news, Chandigarh Police, Himachal pradesh, Mohali, Shimla News Today
FIRST PUBLISHED : April 2, 2024, 16:21 IST










