हिमाचल में मई तक पहुंचे 74 लाख पर्यटक, पिछले साल के मुकाबले 3.5 प्रतिशत की वृद्धि; कुल्लू पहली पसंद 74-lakh-tourists-reached-Himachal-till-May

शिमला. हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों का आंकड़ा हर वर्ष बढ़ रहा है. इस वर्ष मई माह तक हिमाचल प्रदेश में 74 लाख से ज्यादा पर्यटक पहुंचे हैं. बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष पर्यटकों की आमद में 3.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है. इस वर्ष मई माह तक कुल 74 लाख 64 हज़ार 184 पर्यटक हिमाचल पहुंचे हैं. वहीं बीते वर्ष मई माह तक 72 लाख 2 हज़ार 956 पर्यटक हिमाचल प्रदेश पहुंचे थे. लगातार पर्यटक हिमाचल प्रदेश का रुख कर रहे हैं, इसके तहत प्रदेश में बुनियादी ढांचे का विकास भी किया जा रहा है.

पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग की निदेशक मानसी सहाय ठाकुर ने बताया कि इस वर्ष मई माह तक 74 लाख 64 हज़ार 184 पर्यटक हिमाचल पहुंचे हैं, जिनमें 32 हज़ार 415 विदेशी पर्यटक शामिल हैं. वहीं इस अवधि में बीते वर्ष 72 लाख 2 हज़ार 956 पर्यटक हिमाचल पहुंचे थे, जिनमें 23 हज़ार 174 विदेशी पर्यटक शामिल थे.

बुनियादी ढांचे पर दिया जा रहा बल
मानसी सहाय ठाकुर ने बताया कि प्रदेश में हेलीपोर्ट के निर्माण से अंतरराज्यीय और अंतर्राज्यीय संपर्क में सुधार के प्रयास किये जा रहे हैं. इस समय विभाग का फोकस बुनियादी ढांचे के विकास पर है. इसमें वेलनेस सेंटर खोलना, सड़क किनारे सुविधाएं मुहैया करवाना, आइस स्केटिंग रिंक का निर्माण, एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से मिलने वाले बजट से इको और एडवेंचर पर्यटन को बढ़ावा देना आदि शामिल है. पर्यटन परियोजनाओं की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए निजी कंपनियों को भी शामिल किया जा रहा है. इसके परिणाम अगले तीन वर्षों में देखने को मिलेंगे.

कुल्लू बना पर्यटकों की पहली पसंद
इस वर्ष सबसे अधिक संख्या में पर्यटक कुल्लू पहुंचे हैं. 14 लाख 97 हज़ार 920 पर्यटक मई माह तक जिला कुल्लू पहुंचे हैं. वहीं कुल्लू के बाद सबसे ज्यादा 10 लाख 41 हज़ार 74 पर्यटक जिला सोलन पहुंचे हैं. इस वर्ष जिला सोलन ने शिमला को भी पीछे छोड़ दिया है. शिमला में मई माह तक 9 लाख 99 हज़ार 65 पर्यटक पहुंचे हैं.

जिला सोलन बन रहा पर्यटकों की पसंद
जिला सोलन का कसौली और चायल सबसे अधिक लोकप्रिय पर्यटन स्थल हैं. पर्यटन विभाग ने सोलन में रेवा वाटर फॉल जैसे नए पर्यटन स्थलों को टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया है. इसका कारण यह है कि लोग कम दूरी पर स्थित स्थलों पर जाना पसंद कर रहे हैं. इसके साथ ही मुख्य पर्यटन स्थलों के पास होम स्टे के ऑप्शन्स भी बढ़ गए हैं. कंडाघाट-साधुपुल जैसे क्षेत्र भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन गए है. हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के करीब होने के कारण सोलन में इस वर्ष अब तक पर्यटकों की अच्छी आमद देखने को मिली है.

Tags: Himachal news, Latest hindi news, Local18, Shimla News

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें