हिसार कोर्ट ने पाक जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की जमानत याचिका खारिज की, चीन में भी विवादों में घिरी

हिसार कोर्ट ने पाक जासूसी के आरोप में गिरफ्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा की जमानत याचिका खारिज की, चीन में भी विवादों में घिरी

ज्योति मल्होत्रा ने चीन में साइकिल चलाते का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया है

हिसार, 11 जून 2025 – पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार की गई हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को हिसार कोर्ट से राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। इससे पहले, 9 जून को कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था, जिसके बाद ज्योति ने जमानत के लिए याचिका दायर की थी।

इस बीच, ज्योति का चीन दौरा भी विवादों में आ गया है। करीब एक साल पहले शंघाई यात्रा के दौरान उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल ‘Travel with Jo‘ पर कुछ वीडियो अपलोड किए थे, जिन्हें लेकर चीनी सोशल मीडिया पर उन्हें तीव्र आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

वीडियो में उन्होंने चीनी खान-पान को बेस्वाद, लड़कियों की हाइट कम, और कार में बैठे एक कपल का वीडियो दिखाया था। चीनी लोगों ने इसे निजता का उल्लंघन बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। साथ ही, ज्योति पर सार्वजनिक साइकिल बिना शुल्क लिए चलाने और गार्ड को पैसे न देने का भी आरोप लगाया गया है।

चीन के कुछ प्रमुख सोशल मीडिया अकाउंट्स – पहले बहन की बात, हाय हाय घटना, चीन और विदेशी अवलोकन, जियो डॉक्यूमेंट्री आदि ने उन्हें “इंडिया की हाई कास्ट वुमेन” कहकर तंज कसा और चीनी सरकार से ज्योति पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

वहीं दूसरी ओर, पाकिस्तान से ज्योति को समर्थन मिल रहा है। वहां के कुछ सोशल मीडिया यूजर्स और ISI से जुड़े बताए जा रहे पॉडकास्टर नासिर ढिल्लों ने ज्योति को बेकसूर बताया है। ढिल्लों का कहना है कि “ज्योति ने पाकिस्तान जाकर वहां की तारीफ की और सच्चाई को सामने लाने की कोशिश की, इसी वजह से अब भारत सरकार उन्हें टारगेट कर रही है।”

ज्योति मल्होत्रा का मामला अब भारत, पाकिस्तान और चीन तीनों देशों में चर्चा का विषय बन चुका है। भारत में कानूनी प्रक्रिया चल रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें