हेलो डीएम साहेब-मैं दमयंती बोल रही हूं…फोन सुनते ही दल बल के साथ रवाना हो गए कलेक्टर

जमुई. हेलो…डीएम साहब बोल रहे हैं… सर, हमारे गांव में पानी की घोर किल्लत है. फोन पर एक महिला डीएम से पेयजल की शिकायत करती है. बस फिर क्या था अपने पूरे महकमे को लेकर डीएम साहब उस गांव की तरफ निकल पड़े.

जमुई डीएम राकेश कुमार ग्रामीण इलाके के लोगों के प्रति अपने व्यवहार को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं. बड़ी संख्या में ऐसे गांव भी है जहां पेयजल की किल्लत है. इसी सिलसिले में डीएम साहब के पास एक फोन आया. उस फोन के बाद डीएम ने जो कुछ भी किया उसे जानकर आप भी खुश हो जाएंगे.

 चकाई प्रखंड से आया फोन
यह पूरा मामला जमुई जिले के सबसे सुदूरवर्ती क्षेत्र कहे जाने वाले चकाई प्रखंड के बोंगी बरमोरिया पंचायत का है. बोंगी आदिवासियों का गांव है और यह मुख्य धारा से कोसों दूर है. पानी की किल्लत से परेशान इस गांव की एक महिला दयमंती देवी ने डीएम राकेश कुमार को फोन लगा दिया. दयमंती देवी ने डीएम से फोन कर कहा उनके गांव में पेयजल की घोर किल्लत है. लोगों को पीने का साफ पानी तक नसीब नहीं हो पा रहा है. कुओं तालाब और हैंडपंप में पानी का स्तर नीचे चला गया है. जो चपाकल लगाए गए थे, वह खराब हो गए. लोग गर्मी में प्यासे रह रहे हैं. ये सुनते ही डीएम साहब के कान खड़े हो गए. उन्होंने अपने सभी मातहत अधिकारियों को बुलाया और पूरे काफिले के साथ चकाई के लिए निकल पड़े.

अफसरों की क्लास
जिलाधिकारी राकेश कुमार सहित जिले के तमाम आलाधिकारी चकाई प्रखंड के बोंगी गांव पहुंचे. वहां उन्होंने गांव का मुआयना किया और पेयजल के बारे में लोगों से जानकारी ली. लोगों से बातचीत करने के बाद जिलाधिकारी ने वहां मौजूद पीएचईडी विभाग के अधिकारियों को बुलाया और उन्हें जमकर फटकार लगाई. उन्होंने तत्काल गांव में पेयजल मुहैया करने का निर्देश दिया.

गांव वालों ने याद दिलाया वादा
जिलाधिकारी राकेश कुमार लगातार ग्रामीण इलाकों के भ्रमण पर रहते हैं. 3 महीने पहले भी उन्होंने चकाई प्रखंड के बोंगी गांव का दौरा किया था. वहां लोगों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया था. उसके बाद ग्रामीणों ने मदद की उम्मीद में डीएम को फोन किया. डीएम साहेब भी बिना वक्त गंवाए उनकी मदद करने गांव पहुंच गए. अब डीएम के इस काम की हर तरफ चर्चा हो रही है.

Tags: Jamui news, Local18

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें