देहरादून: बीते कुछ दिनों से उत्तराखंड का मौसम शुष्क बना हुआ है. आज यानी शुक्रवार को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा. कुछ दिनों पहले उत्तराखंड के 4000 मीटर ऊंचाई से ज्यादा वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने के चलते ज्यादातर इलाकों में न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड होने लगी.
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा. मैदान से लेकर पहाड़ तक चटख धूप रहेगी. इससे तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की जा सकती है. बृहस्पतिवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में चटख धूप खिली रही, जिससे राजधानी के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी दर्ज की गई. वहीं, सुबह और शाम को देहरादून का तापमान सामान्य से में 4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया.
देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा है कि शुक्रवार को मैदान और पहाड़ के क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी. इससे तापमान में 1 डिग्री से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, शनिवार से उत्तराखंड के मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है. उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में आंधी के साथ-साथ कहीं-कहीं रिमझिम बौछारें भी पड़ सकती है. वहीं, पहाड़ी इलाकों में गरज चमक के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है.
Tags: Dehradun news, Local18
FIRST PUBLISHED : May 3, 2024, 09:57 IST










