63 दिन का ब्रेक, 100 करोड़ का नुकसान…जानें 2 जुलाई से पहले क्यों नहीं लौटेगी बाजार की रौनक?

अनुज गौतम/सागर. शादी-विवाह में धूम-धड़ाका के साथ बाजारों की रौनक बनी रहती है. जमकर खरीद-बिक्री होती है, जिससे होटल, शोरूम, बैंक्वेट हॉल के व्यापार से लेकर सर्राफा व अन्य बाजारों में रौनक बनी रहती है. लेकिन शादी का सीजन नहीं होने से इन जगहों पर सन्नाटा छा जाता है. इस साल 29 अप्रैल को शादी-विवाह के मुहूर्त के बाद अब दो महीने के लिए ब्रेक लग गया है. यानी मई और जून में शादियां नहीं होंगी. इस कारण सागर जिले में 100 करोड़ का व्यापार प्रभावित होने की संभावना है. आगामी 63 दिनों तक शादी के मुहूर्त नहीं होने से शहनाई की गूंज सुनाई नहीं देगी.

पंडित शिवप्रसाद तिवारी ने लोकल18 से बातचीत के दौरान कहा कि बुंदेलखंड पंचांग के अनुसार शुक्र तारा 29 अप्रैल को अस्त हो गया है. अक्षय तृतीया पर गुरु व शुक्र दोनों के अस्त होने से अब किसी भी पंचांग में विवाह मुहूर्त नहीं है. तिवारी के अनुसार अब अगले 2- 3 जुलाई के बाद 9, 11, 12, 13 एवं 15 जुलाई को विवाह के मुहूर्त हैं. यानी दो महीने तक शादी-विवाह के कार्यक्रम नहीं होंगे.

सैकड़ों शादियों से बाजार को लाभ
स्थानीय जानकारों के अनुसार दो माह से अधिक समय तक विवाह नहीं होने से सागर जिले के कारोबार पर बड़ा असर पड़ सकता है. शादियों में किराना, ज्वेलर्स, कपड़ा, कैटरिंग, होटल, वाहन से लेकर छोटे-छोटे कारोबारियों तक को लाभ होता है. यहां तक कि इससे जुड़े मजदूर वर्ग को भी काम मिलता रहता है, जो अगले दो महीने तक नहीं हो सकेगा. सर्राफा एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष विक्रम सोनी ने बताया कि कि दो माह में तकरीबन 800 से 1000 शादियां सागर में हो जाती हैं. यदि ओवरऑल कारोबार का आकलन किया जाए तो यह करीब 100 करोड़ तक पहुंचेगा. इसमें सर्राफा का बड़ा वर्ग सबसे अधिक प्रभावित होगा.

Tags: Local18, Marriage ceremony, Mp news, Sagar news, Wedding

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें