गर्मी का सीजन आ चुका है. इसी के साथ बाहर का तापमान चुभने लगा है. लोग कोशिश करते हैं कि अगर बहुत ज्यादा जरुरी ना हो तो बाहर ना ही निकलें. घर के अंदर भी गर्मी ने बेहाल कर रखा है. बिना एयर कंडीशनर के अब गुजारा मुश्किल होता जा रहा है. इस तपती गर्मी में अपनी पोतियों की शादी में शरीक होने एक दादा बूंदी के एक रिसोर्ट में आए थे. लेकिन उन्हें क्या पता था कि शादी के घर से उनकी अर्थी निकलेगी.
मामला बूंदी के नैनवा रोड के पास स्थित शहनाई गार्डन का है. यहां दो बहनों के निकाह की तैयारी चल रही थी. लेकिन सारी खुशियां तब मातम में बदल गई जब वहां लगे एक टेंट में आग लग गई. आग का कारण एसी के कंप्रेशर में हुआ ब्लास्ट बताया गया. घटना के बाद कई लोग जान बचाकर वहां से भाग गए लेकिन 75 साल के लाल मोहम्मद दौड़ नहीं पाए और उसी आग में जल गए.
ऐसे लगी आग
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त सभी शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे. रिसोर्ट में सभी घरवाले और रिश्तेदार आकर ठहरे हुए थे. ख़ुशी का माहौल था. गेस्ट के बैठने के लिए बाहर भी टेंट लगाया गया था, जहां ठंडक के लिए एसी लगाई गई थी. इसी दौरान एक एयर कंडीशनर के कम्प्रेशर में ब्लास्ट हो गया. बाहर हवा चल रही थी. इस कारण आग काफी जल्दी फ़ैल गई. लोग जल्दी बाहर भाग गए.
चिल्लाते रह गए दादा
आग लगने के दौरान लाल मोहम्मद वहीं बैठे थे. उम्र की वजह से वो दौड़ नहीं पाए और आग की चपेट में आ गए. वो मदद के लिए चिल्लाते रह गए लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि पलभर में उसने लाल मोहम्मद को अपनी चपेट में ले लिया. घरवालों ने तुरंत अंदर जाकर लाल मोहम्मद को बाहर निकाला और अस्पताल लेकर भागे. लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी. पुलिस ने गार्डन को फिलहाल सील कर दिया है और मामले की जांच कर रही है.
.
FIRST PUBLISHED : May 1, 2024, 13:09 IST










