सतना. मध्य प्रदेश से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. फिलहाल पूरे प्रदेश में चुनाव का माहौल है. इसमें जिम्मेदार लोगों की ड्यूटी भी लगाई गई है. इस बीच लोग ड्यूटी से छुटकारा पाने कई अजीब तरीके के बहाने बना रहे हैं. कुछ ऐसा ही चौंकाने वाला मामला माऊगंज से सामने आया है. यहां एक शिक्षक ने अपनी बेटी की शादी का कार्ड छपवा लिया. फिर पता चला कि मामला ही कुछ और है. अब सीईओ ने शिक्षक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
माऊगंज जिले की शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनुमना के एक शिक्षक द्वारा चुनाव ड्यूटी से बचने के लिए बेटी की शादी का फर्जी कार्ड छपवाने का मामला सामने आया है. इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ ने शिक्षक को नोटिस जारी कर दिया है.
ऐसे हुआ पूरा खुलासा
दरअसल, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हनुमना में पदस्थ शिक्षक महेश्वरी प्रसाद द्विवेदी ने चुनाव ड्यूटी से बचने के लिए बेटी की शादी का कार्ड छपा डाला .शिक्षक ने लोकसभा चुनाव के दौरान ड्यूटी से बचने के लिए बाकायदा आवेदन और शादी का कार्ड जिला निर्वाचन कार्यालय में दिया. लेकिन इस कार्ड में शादी की तिथि का कोई जिक्र नहीं था.

जब शादी का कार्ड खोला गया तो अंदर विवाह की तिथि अंकित नहीं की गई थी. इस पूरे मामले का खुलासा होने पर जिला पंचायत सीईओ डॉक्टर सौरभ सोंनवडे ने गुमराह करने और अपने कर्तव्य का निर्वहन न करने पर शिक्षक महेश्वरी प्रसाद द्विवेदी को कारण बताओं नोटिस जारी किया है. बताया गया है कि जवाब आने के बाद आगे की कारवाई की जाएगी.
.
Tags: Ajab Gajab, Madhya pradesh news, Mp news, OMG, Satna news
FIRST PUBLISHED : May 1, 2024, 18:15 IST










