नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. कस्टडी में गैंगस्टर के सुसाइड मामले में नई जानकारी सामने आ रही है. सीआईडी ने प्राथमिक जांच में पाया कि सुसाइड करने वाले गैंगस्टर की जान बचाई जाई सकती थी. लॉकअप स्टाफ की घोर लापरवाही के चलते वो आत्महत्या करने में सफल रहा. CID की प्राथमिक रिपोर्ट में यह सामने आया है कि लॉकअप में तैनात गार्ड अलर्ट नही था.
जांच टीम का कहना है कि मृतक अनुज थापन ने लॉकअप में मौजूद दरी का हिस्सा फाड़ा. फिर वो अकेले ही टॉयलेट गया जबकि नियम के मुताबिक एक गार्ड आरोपी के साथ टॉयलेट तक जाता है. 40 मिनट तक अनुज थापन अपने सेल में वापस नही आया तो भी तैनात गार्डों को इसकी भनक नही लगी. अगर आरोपी की सुध लेने में 40 मिनट की देरी नहीं होती तो उसे बचाया जा सकता था. सूत्रों के मुताबिक CID की रिपोर्ट आने के बाद वहां तैनात पुलिसकर्मियों पर गाज गिरनी तय है.
यह भी पढ़ें:- पहले हमें फाइल पढ़ने दीजिए… राहत की गुहार लेकर हाईकोर्ट पहुंचे मनीष सिसोदिया, इस वजह से नहीं बनी बात
विशेष अदालत ने सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सोमवार को ही आठ मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा था. सभी पर मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) लगाया गया है. पेश मामले में मुंबई पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल को वांछित आरोपी बताया है.

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग के बाद बिहार निवासी विक्की गुप्ता और सागर पाल दोनों को 16 अप्रैल को गुजरात के कच्छ से पकड़ा गया था. दोनों की निशानदेही पर सोनू बिश्नोई और थापन को 25 अप्रैल को पंजाब से पकड़ा गया. कनाडा में रहने वाले अनमोल बिश्नोई ने एक फेसबुक पोस्ट के माध्यम से गोलीकांड की जिम्मेदारी ली थी. हालांकि, मुंबई पुलिस का दावा है कि इस ईमेल का आईपी एड्रेस पुर्तगाल का पाया गया. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है.
Tags: Maharashtra news today, Mumbai News, Ravi Bishnoi, Salman khan
FIRST PUBLISHED : May 2, 2024, 20:02 IST










