Water bottle Cleaning tips: स्कूल जाना हो या ऑफिस, हर कोई अपने साथ एक पानी का बॉटल जरूर रखता है. खासकर, गर्मी के मौसम में वॉटल बॉटल का इस्तेमाल खूब होता है. पानी पीना शरीर के लिए बहुत जरूरी भी है लेकिन उतना ही जरूरी है साफ-सफाई का ध्यान भी रखना. कुछ लोग ऐसे होते हैं जो एक ही बॉटल में पानी कई दिनों तक पीते रहते हैं, लेकिन उसकी साफ-सफाई कई दिनों तक नहीं करते हैं. वॉटर बॉटल को बिना साफ किए पानी पीने से उसके अंदर काई जम जाती है. बदबू आने लगती है. आप ध्यान से देखेंगे तो बोतल के तल पर हरे रंग की काई चिपकी नजर आएगी. इससे पेट दर्द हो सकता है. इन बोतलों को सादे पानी से साफ करके उसमें दोबारा पीने का पानी भर देना ही काफी नहीं है. हम आपको सिंपल ट्रिक से बोतलों को साफ करने के बारे में बता रहे हैं. इनकी मदद से मिनटों में होगा बोतल अंदर-बाहर से साफ.
वॉटर बॉटल साफ करने के टिप्स
1. आप जिस बोतल में पानी पीते हैं, वह अंदर से गंदा नजर आ रहा है या पानी पीने के बाद आपको हल्का पेट दर्द महसूस हो तो समझ लें कि बोतल को साफ करना जरूरी हो गया है. इसमें काई, कीटाणु, बैक्टीरिया पनपने से ना सिर्फ बोतल से बदबू आने लगती है, बल्कि पानी का स्वाद भी खराब लगता है. इस तरह के पानी को पीना सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है. इसके लिए आप एक गिलास गर्म पानी में सिरका डालकर बोतल में डाल दें. इसे 15 मिनट ऐसे ही छोड़ने के बाद ब्रश से बॉटल को रगड़ दें. फिर सादे पानी से अच्छी तरह से बोतल को साफ कर दें.
2. आप बदबूदार और काई लगे वॉटल बॉटल को बेकिंग सोडा और नींबू की मदद से भी साफ कर सकते हैं. आधा चम्मच बेकिंड सोडा और एक बड़ा चम्मच नींबू का रस कटोरी में डालकर मिक्स कर लें. इसे अब बॉटल में डाल दें और फिर थोड़ा सा गर्म पानी डाल दें. इसे अच्छी तरह से 2-3 मिनट ब्रश से रगड़ें.
3. एक गिलास पानी लें. इसमें आधा चम्मच नींबू का रस और नीम की कुछ पत्तियां डालें. इस पानी को गैस पर रखकर उबालें. आप नींबू का टुकड़ा भी उबलते पानी में डाल सकते हैं. स्टील, कांच या फिर प्लास्टिक की बोतल को इस पानी में डाल कर रख दें. बॉटल को किसी ब्रश से रगड़ें. अब साफ पानी से बोतल को अच्छी तरह से साफ कर लें.
4. आप इसी तरह फ्रिज में रखे पानी के बोतलों को भी सप्ताह में एक बार साफ जरूर करें. इसके लिए आप वाइट वेनेगर, नींबू का रस, नमक, बेकिंग सोडा थोड़ा-थोड़ा डालकर मिक्स करें. इसे ब्रश की मदद से बोतल के अंदर लगाकर रगड़ें. इससे सारे कीटाणुओं और बैक्टीरिया का सफाया हो जाएगा. साफ पानी से बोतल को धो लें. बोतल से बदबू नहीं आएगी.
5. आप एक गिलास गर्म पानी करें. इसमें बेकिंग सोडा और थोड़ा सा नमक डाल दें. इसमें वॉटर बॉटल को डाल कर कुछ देर के लिए छोड़ दें. अब ब्रश या स्क्रबर से बॉटल की अच्छी तरह से सफाई कर लें. अंत में सादे पानी से धो लें. इससे बोतल के अंदर लगी गंदगी, चिपचिपापन, बदबू सब दूर हो जाएगी.
.
Tags: Drinking Water, Lifestyle, Tips and Tricks
FIRST PUBLISHED : May 2, 2024, 16:11 IST










