शाश्वत सिंह/ झांसी: बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने तीन नए कोर्स शुरु कर दिए हैं. बीए ऑनर्स कोर्स का विस्तार करते हुए इसमें भूगोल, इतिहास और राजनीति विज्ञान को भी जोड़ दिया गया है. अब झांसी और बुंदेलखंड के अन्य जिलों के छात्रों को अपने घर के ही पास यह तीनों कोर्स करने को मिलेंगे. अभी तक इन तीनों विषयों में ऑनर्स कोर्स करने के लिए दिल्ली, लखनऊ या ग्वालियर जाना पड़ता था. अब उन्हें यह दूरी तय करनी पड़ेगी.
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में सत्र 2024 – 25 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरु हो गई है. इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक वेबसाइट www.bujhansi.ac.in से आवेदन कर सकते हैं. बीए ऑनर्स के तीनों कोर्स में 60 – 60 सीटें तय की गई हैं. तीनों कोर्स तीन वर्ष के होंगे. प्रति वर्ष 9 हजार फीस होगी. इन तीनों कोर्स में प्रवेश सीधे मेरिट के आधार पर दिए जाएंगे. भूगोल, इतिहास और राजनीतिक विज्ञान के संचालन की जिम्मेदारी आर्ट्स के डीन प्रो. मुन्ना तिवारी को दी गई है. शुरूआत में यह कोर्स हिंदी विभाग से ही संचालित किए जाएंगे.
युवाओं को होगा लाभ
प्रो. मुन्ना तिवारी ने बताया कि बीए ऑनर्स कोर्स का विस्तार करते हुए भूगोल, इतिहास और राजनीति विज्ञान को भी शामिल किया गया है. बुंदेलखंड भौगालिक और ऐतिहासिक रूप से काफी समृद्ध है. यहां के युवा देश के भूगोल और इतिहास के साथ ही बुंदेलखंड के भूगोल और इतिहास को भी समझ सकेंगे. इससे छात्रों को अन्य शहरों में भी नहीं जाना होगा.
FIRST PUBLISHED : May 2, 2024, 19:20 IST










