शिमला के 137 साल पुराने इस थियेटर में जाएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, यहां बिना माइक होती है प्रस्तूति

शिमलाः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से 8 मई तक हिमाचल दौरे पर रहेंगी. इस दौरान वह विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगी. इसी बीच 7 मई की शाम को राष्ट्रपति गेयटी थियेटर में सांस्कृतिक संध्या में हिमाचली संस्कृति से भी रूबरू होंगी. इसके साथ ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गेयटी थियेटर जाने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन जायेंगी. हिमाचल दौरे के दौरान पूर्व के राष्ट्रपति रिज़ मैदान या मॉल रोड की सैर के लिए तो पहुंचे हैं, लेकिन कोई भी गेयटी थियेटर नहीं गए. गेयटी थिएटर एक ऐतिहासिक इमारत है. अन्य ऐतिहासिक इमारतों की तरह इसे भी ब्रिटिश द्वारा ही बनाया गया था.

क्या है गेयटी थियेटर का इतिहास
ब्रिटिश शासन काल के दौरान शिमला को 1884 में ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाया गया. इस दौरान ब्रिटिश शासक मनोरंजन के लिए इंग्लैंड से कलाकारों को शिमला बुलवाया करते थे. शिमला में उस दौरान कोई भी थियेटर नहीं था, जिस कारण कलाकारों की प्रस्तुति ब्रिटिश शासकों के घर या अनाडेल ग्राउंड में हुआ करती थी. थियेटर की आवश्यकता के चलते 1887 में हेनरी इरविन द्वारा गेयटी थिएटर का निर्माण किया गया. थियेटर का निर्माण नियो विक्टोरियन गौथिक शैली में किया गया था. ब्रिटिशर शिमला को कल्चरल सेंटर बनाना चाहते थे. 1887 में बने गेयटी थियेटर को बने 137 वर्ष हो चुके है. गेयटी में कई राष्ट्रिय सहित अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रस्तुतियां हो चुकी है, जिसमे विश्व स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं. यह थियेटर शिमला के ऐतिहासिक रिज़ मैदान पर स्थित है.

विश्व में केवल 6 गेयटी थिएटर
गेयटी थियेटर की बनावट अपने आप में अलग है. थियेटर को यू(U) शेप में बनाया गया है. थियेटर की खास बात यह है कि मंच पर की गई हलकी आवाज़ भी आखिरी पंक्ति में बैठे दर्शक को सुनाई देती है. यही कारण है कि यहां नाटक के मंचन के दौरान किसी भी प्रकार के माइक का इस्तेमाल नहीं होता. विश्व में केवल छह गेयटी थियेटर हैं, जिनमें एक थिएटर शिमला में मौजूद है. शुरुआत में लाइट न होने के कारण प्रस्तुति के दौरान लालटेन का इस्तेमाल किया जाता था. जिसे छत पर लटकाया जाता था. लालटेन की जगह आगे चल कर टॉर्च ने ले ली. इस टॉर्च में लगाई जाने वाली बैटरी को इंग्लैंड से मंगवाया जाता था.

दिग्गज कलाकार भी दे चुके हैं प्रस्तुति
शिमला में मौजूद गेयटी थियेटर में कई दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे चुके है. मशूहर बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खैर, नसीरुद्दीन शाह आदि कलाकार यहां अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं. इसके अलावा केएल सहगल, टॉम ऑल्टर, पृथ्वीराज कपूर जैसे दिग्गज भी यहां प्रस्तुति दे चुके है. बॉलीवुड के मशूहर अभिनेता शशि कपूर को लेकर गेयटी थिएटर का एक किस्सा बहुत मशूहर है. शशि कपूर ने अपनी धर्मपत्नी जेनिफर को यहीं शादी के लिए प्रोपोज़ किया था. शशि कपूर गेयटी थियेटर के इतने दीवाने थे कि वे यहां की हर ईंट को अपने साथ मुंबई लेकर जाने की बात कहते थे.

FIRST PUBLISHED : May 4, 2024, 16:27 IST

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें