The vishvasnews.com Fact Check: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं, जहां सातवें चरण के तहत एक जून को मतदान होना है. इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों को काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा करते हुए देखा जा सकता है. दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ के दर्शन के विजुअल को दिखाने के लिए योगी आदित्यनाथ के चेहरे को एडिट कर छिपा दिया गया.
vishvasnews.com ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया, जिसे चुनावी दुष्प्रचार की मंशा के साथ शेयर किया जा रहा है. वायरल वीडियो क्लिप में न्यूज एजेंसी एएनआई के लोगो को ब्लर किया गया है, न कि योगी आदित्यनाथ के चेहरे को. न्यूज एजेंसी एएनआई की तरफ से जारी किए गए ऑरिजिनल वीडियो में भी दाईं तरफ कॉर्नर में लोगो नजर आ रहा है, जिसके कुछ फ्रेम में योगी आदित्यनाथ का चेहरा छिप जा रहा है, लेकिन अन्य फ्रेम में उन्हें साफ-साफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीछे बैठे हुए देखा जा सकता है.
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Arjun Rana’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “एक महंत को चौखट पर बिठा कर उनका चेहरा भी ब्लर कर दिया गया… फोटोजीवी की आत्ममुग्धता का कोई अंत नहीं!”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स (आर्काइव लिंक) ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है.
पड़ताल
वायरल वीडियो में ‘हिंदी खबर’ का लोगो लगा हुआ है. वायरल क्लिप के साथ किए गए दावे को चेक करने के लिए हमने चैनल के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और यू-ट्यूब चैनल को चेक किया.
‘हिंदी खबर’ के आधिकारिक एक्स चैनल पर हमें कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत की एक्स पोस्ट (समान वायरल वीडियो क्लिप वाले) पर चैनल की तरफ से जारी किया हुआ स्पष्टीकरण (आर्काइव लिंक) मिला, जिसमें वायरल वीडियो क्लिप के साथ किए गए दावे को फेक बताया गया है.
हे कंफ्यूज़्ड कांग्रेस की मंथरा मौसी, फेक न्यूज़ फैलाते फैलाते आप मानसिक रूप से बहुत बीमार हो गई हैं. बाबा काशी विश्वनाथ जी से प्रार्थना है कि आपकी समस्त मानसिक व्याधियों को शीघ्र ही ठीक करें. संदर्भित क्लिप ANI न्यूज़ एजेन्सी के काफी बड़े आकार के Logo के साथ थी. ‘हिन्दी ख़बर’… https://t.co/tX0FXWposT pic.twitter.com/MqRUztibHQ
— हिन्दी ख़बर | Hindi Khabar (@HindiKhabar) May 14, 2024
Tags: Fact Check
FIRST PUBLISHED : May 16, 2024, 19:20 IST










