इस फल के बीज में कूट-कूटकर भरे हैं विटामिन-मिनरल्स, दिल की बीमारी से लेकर स्किन की समस्या के लिए है रामबाण 

फिरोजाबाद. गर्मी का सीजन चल रहा है. लोग इस मौसम में तरबूज खाना खूब पसंद करते हैं. तरबूज के अलावा उसके बीज खाने के भी कई फायदे हैं. आमतौर पर लोग तरबूज खाने के बाद उसमें निकलने वाले बीजों को फेंक देते हैं. लेकिन इसके काले बीज शरीर की कई बीमीरियों से मुक्ति दिलाते हैं. तरबूज के बीज में कई सारे तत्व पाए जाते हैं जो शरीर में कब्ज की बीमारी से लेकर दिल की बीमारियों तक में बेहद असरदार काम करते हैं. लेकिन इसका प्रयोग सही ढंग से किया जाना बेहद जरूरी है.

फिरोजाबाद के जिला अस्पताल में तैनात डॉ कविता महेश्वरी ने बताया कि तरबूज के बीज बेहद फायदेमंद है. बता दें कि डॉ कविता ने इंदौर से आयुर्वेद में बीएएमएस की डिग्री प्राप्त की है. पिछले दस सालों से वह आयुर्वेद से लोगों का इलाज कर रही हैं. डॉ कविता महेश्वरी ने लोकल 18 को जानकारी देते हुए कहा कि गर्मियों के मौसम में तरबूज खाने के कई फायदे हैं. लेकिन तरबूज के बीज का भी प्रयोग खाने के लिए किया जाए तो ये शरीर के लिए काफी फायदेमंद हैं.

बेहद फायदेमंद
तरबूज के बीज में प्रोटीन,आयरन,कॉपर,जिंक,मैग्नीशियम और विटामिन बी 9 जैसे तत्व मौजूद होते हैं. इतना ही नहीं अगर तरबूज के बीज को रोजाना खाया जाए तो इससे शुगर लेवल भी कंट्रोल रहता है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि अगर किसी को पेट की समस्या रहती है या पाचन क्रिया में समस्या है तो वह तरबूज के बीज का सेवन कर सकता है.

फाइबर की मात्रा अधिक
तरबूज के बीज में फाइबर की मात्रा अधिक होती है जिससे पाचन क्रिया सही रहती है. वहीं ये बीज कब्ज और एसिडिटी से भी राहत दिलाते है. डॉक्टर ने कहा कि तरबूज के बीज त्वचा और बालों के लिए भी रामबाण का काम करते हैं. बालों के झड़ने की समस्या से भी काफी राहत मिलती है.

बीजों को सुखाकर पाउडर बनाएं
आयुर्वेदिक चिकित्सक ने बताया कि तरबूज के बीजों का सेवन करने के लिए सबसे पहले बीजों को सुखा लें और फिर उसे पीसकर पाउडर बना लें. उसके बाद उसे किसी डिब्बे में भरकर रख लें. इसके बाद रोजाना आप इसे दूध,दही,ओट्स,सलाद और आइसक्रीम में मिलाकर खाएं. इससे आपको काफी राहत मिलेगी और आपका पेट एक दम सही रहेगा. इसका रोजाना इस्तेमाल करने से आपके चेहरे पर भी निखार आएगा.

Tags: Health, Local18

Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और स्वास्थ्य से जुड़ी सलाह, एक्सपर्ट्स से की गई बातचीत के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, व्यक्तिगत सलाह नहीं. इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही कोई चीज उपयोग करें. Local-18 किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें