भारत का अनोखा पक्षी… जिसे गर्मी खूब पसंद, मादा से ज्यादा नर सुंदर, देखने को बेचैन रहते हैं बर्ड वाचर

हजारीबाग. हजारीबाग की वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में इन दिनों एक पक्षी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. गर्मी की शुरुआत के साथ ही यहां शाह बुलबुल को देखा जा रहा है. यह काफी सुंदर है. बर्ड वॉचर और फोटोग्राफर के बीच इसकी तस्वीर लेने की होड़ सी मची रहती है. इसे दूधराज, शाह बुलबुल या अंग्रेजी में पैराडाइज फ्लाईकैचर के नाम से जाना जाता है. ये पक्षी उड़ते हुए कीट को पकड़ने में माहिर होते हैं.

ये मध्य प्रदेश का राजकीय पक्षी भी है. हजारीबाग के पर्यावरणविद् मुरारी सिंह बताते हैं कि शाह बुलबुल अभी वन्य प्राणी आश्रयणी, नॉर्थ कर्णपुरा वैली, चोपे जंगल और कनहरी जंगल में देखने को मिलेगा. मई से जुलाई माह तक शाह बुलबुल का प्रजनन काल होता है, जिस कारण से यह पक्षी अपने घोंसले से अधिक दूर नहीं जाते. आगे बताया कि सर्दियों के मौसम में ये पक्षी देश के दक्षिणी हिस्सों में प्रवास कर जाते हैं.

गर्मियों में दिखता है ये पक्षी
आमतौर पर धारणा बनी हुई है कि कई चिड़िया सर्दियों के मौसम में प्रवास करने भारत आती हैं, लेकिन यह एक स्थानीय प्रवासी पक्षी है, जो गर्मियों के समय में माइग्रेट कर अपने निवास  स्थान पर आता है. ये पक्षी अक्सर कम गहराई वाले जलाशय के करीब खाली मैदान की झाड़ियों में घोंसला बनाते हैं.

ऐसे होती है नर-मादा की पहचान
शाह बुलबुल पक्षी दो रंग के होते हैं, जिसमें एक नारंगी और दूसरा सफेद होता है. नर पक्षी की पूछ काफी लंबी होती है, जो काफी आकर्षित करती है. नर सफेद और नारंगी दोनों रंग में होते हैं. वहीं, मादा केवल नारंगी रंग की ही होती है, उसकी पूंछ भी नर से काफी छोटी होती है.

Tags: Hazaribagh news, Local18, Rare Bird, Wild life

Source link

Leave a Comment

और पढ़ें