भीलवाड़ा : भीलवाड़ा जिले में इन दिनों शहर वासियों के स्वाद के दीवानों के लिए कश्मीर से आया एक फल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. इस समय लोग इसे भारी मात्रा में खरीद रहे हैं. यह फल न केवल स्वाद में स्वादिष्ट है बल्कि सेहत के हिसाब से भी काफी फायदेमंद साबित होता है. भीलवाड़ा में आया कश्मीर से आलू बुखारे फल जो लोगों के लिए पहली पसंद बना हुआ है. इस फल की एक खासियत यह भी है कि यह मात्र गर्मी के सीजन में 2 महीने ही चलता है और इसके कई तरह के फायदे भी हैं. इसकी कीमत की बात की जाए तो भीलवाड़ा शहर में यह करीब 200 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है.
फल व्यापारियों के अनुसार गर्मी के सीजन में कुछ फल ऐसे होते हैं जो बहुत ही कम मार्केट में बिकने के लिए आते हैं और जब आते हैं तब इनके भारी डिमांड रहती है. आलू बुखारे का असर भी कुछ इसी तरह भीलवाड़ा में देखने को मिल रहा है जहां ऊंचे भाव के बाद भी आलूबुखारे खरीदने के लिए लोग आ रहे हैं. भीलवाड़ा जिले की मंडियों सहित शहर की दुकानों पर इन दिनों आलूबुखारे की डिमांड अधिक हो रही है.
भीलवाड़ा शहर के फल मंडी के दुकानदार गणेश माली ने बताया कि इस बार मंडी में आलू बुखारे की अच्छी आवक हो रही है. आलू बुखारे की खास बात यह है कि इस बार भीलवाड़ा में आलू बुखारे कश्मीर से आ रहे हैं खाने में यह खट्टे – मीठे रहते हैं और एक तरह से माना जाए तो यह गर्मी में लोगो के शरीर में पानी की कमी को भी पूरा करते हैं और शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं.
अभी आलूबुखारे की कीमत 200 रुपये प्रतिकिलो चल रही है. लोगों द्वारा इस फल को अच्छा पसंद किया जा रहा है. रोजाना इसके 100 के करीब ग्राहक खरीदी कर रहे हैं. इससे कई बीमारियां भी दूर होती हैं. यह गर्मी के सीजन में मात्र 2 महीनों के लिए आता हैं.
वजन कम करने में सफल कारगर
आयुर्वेदिक चिकित्सा किशन कुमार ने कहा कि आलूबुखारा में बॉडी के लिए जरूरी पोषक तत्व जैसे मिनरल्स और विटामिन भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. आलूबुखारा डायट्री फाइबर से भरपूर होता है, जिसमें सार्बिटॉल और आईसेटिन प्रमुख हैं. आलूबुखारे के 100 ग्राम में लगभग 46 कैलोरी होती है. इसमें अन्य फलों की तुलना में कैलोरी काफी कम पाई जाती है. इस कारण से यह आपका वजन नियंत्रित करने में भी सहायक होता है.
आलूबुखारे में मौजूद विटामिन-सी आपकी आंखों और त्वचा को स्वस्थ रखने में सहायक है और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाता है. इसके इलावा इसमें विटामिन-के एवं बी 6 भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है. यह रक्त का थक्का बनने से रोकता है जिससे ब्लडप्रेशर और हृदय रोगों की संभावना कम होती है. इसके साथ ही अल्जाइमर के खतरे को कम करता है.
Tags: Bhilwara news, Life18, Local18, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 25, 2024, 07:01 IST










