लुधियाना में जिम मैनेजर के साथ फ्लोर मैनेजर ने की छेड़छाड़, आरोपी फरार

पंजाब के लुधियाना में चंडीगढ़ रोड के पास स्थित एक जिम में फ्लोर मैनेजर ने महिला सेंटर मैनेजर के साथ रेस्ट रूम में छेड़छाड़ की। महिला ने थाना डिवीजन नंबर 7 में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। यह घटना जिम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जो अब सबूत के तौर पर पुलिस को दी गई है।
महिला ने बताया कि वह 15 जनवरी 2023 से 11 जुलाई 2024 तक एलिवेट वेलनेस क्लब/जिम में सेंटर मैनेजर के तौर पर काम कर रही थी, और आरोपी गुरजीत सिंह उर्फ उभी उसी जिम में फ्लोर मैनेजर था। महिला के अनुसार, आरोपी अक्सर उसे बुरी नजर से देखता था और शारीरिक छेड़छाड़ करता था। उसने इस बारे में जिम मालिकों को भी बताया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना 14 जून की है, जब महिला रेस्ट रूम में अकेली थी और आरोपी ने अचानक उसे पीछे से पकड़ लिया और उसके साथ गलत हरकतें कीं। आरोपी गुरजीत ने पुलिस में शिकायत करने पर महिला को जान से मारने की धमकी भी दी और उसके पिता को भी डराया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 354A, 596 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी अभी भी फरार है। महिला ने बताया कि वह इस वजह से दूसरी जिम में काम करने लगी थी, लेकिन वहां भी आरोपी ने उसे अपशब्द कहे, जिसके कारण उसे पुलिस में शिकायत करने पर मजबूर होना पड़ा।










