दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, नवजोत सिंह सिद्धू का नाम बाहर

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, नवजोत सिंह सिद्धू का नाम बाहर

दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है, लेकिन इस सूची में पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू का नाम शामिल नहीं किया गया है। सूची में सबसे ऊपर जालंधर के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का नाम रखा गया है, इसके बाद लुधियाना के सांसद और पंजाब कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सुखपाल सिंह खैहरा का नाम है।

यह पहली बार नहीं है कि सिद्धू का नाम स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर किया गया है। इससे पहले भी वह लोकसभा चुनाव और पंजाब विधानसभा उपचुनाव से दूर रहे थे, जब उन्होंने अपनी पत्नी की बीमारी का हवाला दिया था और कहा था कि उनका ध्यान उसकी देखभाल पर है।

पिछले साल जनवरी से नवजोत सिंह सिद्धू पार्टी से दूर हो गए थे और पार्टी कार्यालय भी नहीं आए थे। इसके बाद उन्होंने टीवी कमेंट्री पर ध्यान केंद्रित किया और उसी में व्यस्त हो गए। मार्च में लोकसभा चुनाव से पहले एक मीडिया सवाल पर उन्होंने कहा था कि उनका लक्ष्य सिर्फ पंजाब की सेवा करना है और वह केंद्र में मंत्री बनने के इच्छुक नहीं हैं।

वहीं, कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में हिमाचल प्रदेश और हरियाणा से भी कई नेता शामिल हैं। इनमें हरियाणा की सांसद कुमारी सैलजा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का नाम शामिल है। कुमारी सैलजा का नाम सूची में 12वें नंबर पर है।

Leave a Comment

और पढ़ें