फाजिल्का: बिजली के शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग, लाखों का सामान जलकर राख
फाजिल्का में अबोहर रोड पर स्थित एक इलेक्ट्रिशियन की दुकान में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फायर ब्रिगेड को दुकान का शटर तोड़कर अंदर जाना पड़ा। घटना में दुकान में रखा लाखों का सामान और फर्नीचर जलकर राख हो गया।
दुकान के मालिक राजिंदर कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में बैटरी और अन्य इलेक्ट्रिकल सामान रखा हुआ था। जब उन्हें आग लगने की सूचना मिली, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे राजिंदर कुमार ने देखा कि दुकान में रखा सारा सामान और फर्नीचर जलकर राख हो चुका था।
आसपास के लोगों ने जब दुकान से आग की लपटें और धुआं निकलते देखा, तो तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर शटर तोड़कर आग पर काबू पाया। इस घटना में राजिंदर कुमार के अनुसार लगभग ढाई से तीन लाख रुपए का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।