अमृतसर में स्कूल बस के टायरों के नीचे आया बच्चा, गंभीर घायल, परिवार ने सख्त कार्रवाई की मांग की
पंजाब के अमृतसर में गुमटाला इलाके में एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें एक बच्चे को निजी स्कूल की बस द्वारा कुचले जाने की घटना सामने आई। छात्र जयराज बस से उतरते समय बस के टायरों के नीचे आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना 15 फरवरी की है और उसे इलाज के लिए तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जयराज ने बताया कि रोजाना की तरह वह स्कूल बस से घर वापस आ रहा था, लेकिन जैसे ही वह बस से उतर रहा था, ड्राइवर ने जल्दबाजी में बस आगे बढ़ा दी, जिससे उसकी टांगें बस के पिछले टायरों के नीचे आ गईं।
घायल बच्चे के परिवार ने स्कूल प्रशासन से ड्राइवर और हेल्पर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बस ड्राइवर और हेल्पर की जिम्मेदारी थी कि वे बच्चे को सुरक्षित घर तक छोड़ते, लेकिन उनकी जल्दबाजी ने यह हादसा करवा दिया।
स्कूल प्रशासन ने इस मामले में तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए इलाज के खर्च का जिम्मा लिया है और ड्राइवर व हेल्पर के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और छात्र के परिजनों से बातचीत चल रही है। अगर उन्हें न्याय नहीं मिलता, तो वे कड़ी कानूनी कार्रवाई की योजना बना रहे हैं।