किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन 88वें दिन में, शुभकरण की बरसी पर विशेष कार्यक्रम

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन 88वें दिन में, शुभकरण की बरसी पर विशेष कार्यक्रम

शुभकरण के पैतृक गांव में उसका बुत्त स्थापित किया गया, उसके हाथ में भारतीय किसान यूनियन सिद्वपुर का झंडा है। इसका आज अनावरण किया जाएग। - Dainik Bhaskar

आज (शुक्रवार) किसानों की ओर से दिवंगत किसान शुभकरण की बरसी मनाई जाएगी। इस मौके पर शुभकरण के पैतृक गांव बल्लों (बठिंडा) सहित शंभू, खनौरी और रतनपुर बॉर्डरों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। गांव बल्लों में शुभकरण की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। शुभकरण की मौत गत वर्ष हरियाणा पुलिस के साथ हुई झड़प के दौरान गोली लगने से हुई थी।

खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन 88वें दिन में प्रवेश कर गया है। वह 14 फरवरी से कोई मेडिकल सुविधा नहीं ले रहे हैं, लेकिन 22 फरवरी को चंडीगढ़ में केंद्र सरकार से होने वाली बैठक में शामिल होने का फैसला किया है। डल्लेवाल ने एमएसपी के मुद्दे पर किसानों से सुझाव मांगे हैं, ताकि उनकी लड़ाई को और मजबूती मिल सके।

डल्लेवाल ने 26 नवंबर से अनशन शुरू किया था और केंद्र सरकार से बैठक के बाद पानी पीना शुरू किया। इस दौरान हरियाणा के 150 गांवों से जल लेकर किसान खनौरी बॉर्डर पर पहुंचे हैं। इनमें कुछ किसान पवित्र जल भी लेकर आए हैं, जैसे गंगा जल, गोल्डन टेंपल और मक्का मदीना का जल। डल्लेवाल ने सभी किसानों का धन्यवाद किया और कहा कि यह जल उन्हें शारीरिक ताकत प्रदान करता है।

डल्लेवाल ने अपने संदेश में किसानों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब यह संघर्ष शुरू हुआ था, तब लोग एमएसपी के बारे में नहीं जानते थे, लेकिन अब यह मुद्दा न केवल देश में, बल्कि विदेशों में भी चर्चा का विषय बन चुका है। उन्होंने दिल्ली किसान आंदोलन की एकता का उदाहरण दिया और 27 फरवरी को चंडीगढ़ में आयोजित एकता मीटिंग में सभी संगठनों से शामिल होने का आह्वान किया।

Leave a Comment

और पढ़ें