तरनतारन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन बदमाशों में से दो घायल, एक गिरफ्तार
तरनतारन में एक बड़े मुठभेड़ का सामना पुलिस को करना पड़ा, जब नौशहरा की तरफ से आ रहे तीन बदमाशों ने पुलिस पार्टी द्वारा पीछा किए जाने पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिससे दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान गोपी नंबरदार, मोहप्रीत और सत्ता नौशहरा के रूप में की है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को इन बदमाशों की मूवमेंट के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, युवकों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे गोपी नंबरदार और मोहप्रीत घायल हो गए, जबकि सत्ता नौशहरा को बिना किसी खरोंच के गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस अब पूछताछ में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों युवक किस मकसद से आ रहे थे। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है, और यह भी जांच की जा रही है कि कहीं वे किसी बड़े गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना तो नहीं बना रहे थे।