संत बलबीर सिंह सीचेवाल की मदद से सऊदी अरब की जेल से वापस लौटे नरेश कुमार
राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल की कोशिशों के बाद सऊदी अरब की जेल में बंद जालंधर के नरेश कुमार की घर वापसी हो गई है। नरेश कुमार अपने घर लौटने के बाद सबसे पहले अपने परिवार के साथ संत सीचेवाल से मिलने पहुंचे। नरेश कुमार ने कहा, “उन्हें यकीन नहीं था कि वह कभी घर लौट पाएंगे, लेकिन अब घर लौटकर सुरक्षित महसूस कर रहा हूं।”
नरेश कुमार ने बताया कि वह 2014 में बेहतर भविष्य की तलाश और अपने परिवार को अच्छी परवरिश देने के सपने के साथ सऊदी अरब गए थे। कुछ सालों बाद उनकी कंपनी बंद हो गई, और उन्हें दूसरी कंपनी में काम करने का मौका मिला। जब उन्होंने नई कंपनी में काम करते हुए छुट्टी मांगी, तो कंपनी ने पहले छुट्टी देने से इनकार किया और बार-बार टालते रहे।
जब नरेश कुमार ने इस पर आपत्ति जताई, तो कंपनी अधिकारियों ने उन्हें चोरी के झूठे आरोप में फंसा दिया और पुलिस को बुलाकर उन्हें गिरफ्तार करवा दिया। नरेश ने कहा, “मैंने कोई चोरी नहीं की थी,” और चार महीने तक थाने में रहने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
करीब एक साल तक जेल में रहने के बाद, संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने नरेश कुमार की मदद की और उसकी घर वापसी सुनिश्चित की। नरेश कुमार ने संत सीचेवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मदद के कारण वह आज अपने परिवार के पास लौट सके।