लुधियाना की जय महादेव हौजरी फैक्ट्री में भीषण आग, 7 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग, करोड़ों का नुकसान
लुधियाना के किरपाल नगर स्थित जय महादेव हौजरी फैक्ट्री में रात करीब अढ़ाई बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखकर आस-पास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत फैक्ट्री मालिक को सूचित किया। फैक्ट्री मालिक केतन ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू हुआ। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को करीब 7 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शार्ट सर्किट के कारण लगी, हालांकि दमकल अधिकारियों ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के समय फैक्ट्री बंद थी, लेकिन फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिला इमारत में आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में पड़ा सारा माल जलकर राख हो गया।
फैक्ट्री मालिक केतन ने कहा कि जब उन्हें सूचना मिली, तो फैक्ट्री में करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका था। उन्होंने बताया कि पहले भी ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग की घटनाएं हो चुकी थीं, इसलिए शार्ट सर्किट से आग लगने का शक है।
फायर अधिकारी राजिंद्र ने बताया कि रात 2.40 बजे आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। आग इतनी भयानक थी कि पूरी बिल्डिंग को चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड ने करीब 64 गाड़ियों का इस्तेमाल किया और सात घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया।
यह घटना न केवल फैक्ट्री मालिक के लिए बल्कि आस-पास रहने वाले लोगों के लिए भी बड़ी चिंता का विषय बन गई, क्योंकि आग के कारण आसपास की बिल्डिंगों में भी सुरक्षा उपायों के तहत लोगों को बाहर निकाला गया।