अमृतसर में पाकिस्तान से आए हथियार और नकली करेंसी के साथ आरोपी गिरफ्तार
अमृतसर देहात पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान से आई हथियारों की खेप और नकली करेंसी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गरमन सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर देहात क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक ग्लॉक (9 एमएम पिस्तौल), एक .30 कैलिबर पिस्तौल, तीन मैगजीन और 2,15,500 रुपये की नकली करेंसी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ मिलकर काम कर रहा था और उसे सीमा पार से तस्करी के माध्यम से यह सामग्री मिली थी। प्रारंभिक जांच से यह संकेत मिल रहे हैं कि इन हथियारों और नकली मुद्रा का इस्तेमाल राज्य में अशांति पैदा करने और माहौल को खराब करने के लिए किया जाना था।
पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह गिरफ्तारगी सीमा पार से तस्करी और आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि यह तस्करी क्षेत्र में अशांति फैलाने के लिए की गई थी और पुलिस ने पूरी तत्परता से इस मामले को सुलझाया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और अब उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने आगे की जांच भी जारी रखी है।