फतेहगढ़ साहिब में किसान महापंचायत, डल्लेवाल ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
फतेहगढ़ साहिब में आयोजित किसान महापंचायत के दौरान भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के प्रदेशाध्यक्ष जगजीत सिंह डल्लेवाल ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ किसानों को मीटिंग का न्योता दे रही है, वहीं दूसरी तरफ रात के समय किसान मोर्चों पर बल प्रयोग किया जा रहा है। डल्लेवाल ने केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान की अपील को खारिज करते हुए कहा कि मंत्री ने 4 मई की मीटिंग में किसानी मसलों के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन पहले भी मीटिंग के बाद वादाखिलाफी की गई थी, इसलिए अब उनका विश्वास नहीं किया जा सकता।
इसके साथ ही डल्लेवाल ने मखीजा मोर्चे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी और अखंड जोत बंद करने वालों को सजा दिलाने की मांग की और इस मामले में श्री अकाल तख्त साहिब से न्याय की गुहार भी लगाई।
डल्लेवाल ने स्पष्ट किया कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक किसान आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसान मोर्चा हटाए जाने के विरोध में पूरे पंजाब में हो रही किसान महापंचायतों के संदर्भ में यह बात कही।