फरीदकोट में अवैध झुग्गियों पर प्रशासन का बुलडोजर, सड़क सुरक्षा के लिए की गई कार्रवाई
फरीदकोट जिले के कोटकपूरा शहर में प्रशासन ने मंगलवार को बठिंडा रोड नेशनल हाईवे पर नई अनाज मंडी की दीवार के पास बनी 100 से ज्यादा अवैध झुग्गियों को बुलडोजर से हटा दिया। इस कार्रवाई में एसडीएम वरिंदर सिंह और डीएसपी जतिंदर सिंह के नेतृत्व में नगर कौंसिल, वन विभाग और पावरकॉम कर्मचारियों की टीमें मौजूद थीं।
ये झुग्गियां नेशनल हाईवे के किनारे बनी थीं, जिनकी वजह से सड़क हादसों का खतरा बढ़ रहा था। प्रशासन ने इन झुग्गियों को हटाने के लिए कई दिनों से नोटिस दिए थे, लेकिन जब मजदूरों ने अपनी झुग्गियां नहीं हटाई, तो प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए इन्हें हटा दिया।
इस दौरान झुग्गियों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें कोई समय नहीं दिया, और अचानक ही कार्रवाई कर दी, जिससे उनका सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
डीएसपी जतिंदर सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई को सिविल प्रशासन द्वारा अंजाम दिया गया था, और पुलिस ने सुरक्षा मुहैया करवाई थी। वहीं, एसडीएम वरिंदर सिंह ने कहा कि एक महीने पहले भी इन झुग्गियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, और समय दिए जाने के बावजूद मजदूरों ने अपनी झुग्गियां नहीं हटाई, जिससे यह कार्रवाई करनी पड़ी।