लुधियाना में SFJ द्वारा डॉ. अंबेडकर के खिलाफ नारेबाजी, गुरपतवंत सिंह पन्नू ने 14 अप्रैल को जयंती मनाने पर दी धमकी
लुधियाना में सिख फॉर जस्टिस (SFJ) द्वारा गांव नसराली के मेजर हरदेव सिंह सेकेंडरी स्कूल की दीवार पर डॉ. भीम राव अंबेडकर के विरोध में नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। दीवार पर लिखे गए नारों में यह कहा गया कि सिख हिंदू नहीं हैं और भगत रविदास जी की पूजा की जाए।
SFJ के चीफ आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक वीडियो जारी कर 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर की जयंती मनाने पर चेतावनी दी है। पन्नू ने कहा कि यदि किसी ने जयंती मनाई तो वह लुधियाना में धमाके और दीवारों पर छापे लगवाएंगे। पन्नू ने इसे लेकर राजनीतिक पार्टियों को भी चेतावनी दी है और कहा है कि अब फैसला लुधियाना वालों ने करना है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन को पन्नू की इस घिनौनी हरकत का पता चलते ही दीवारों को साफ करवा दिया गया, लेकिन उस स्थान पर लिखे गए नारे वायरल हो गए थे। बाद में उस स्थान को पेंट करवा दिया गया है।
इस मामले पर खन्ना के सीनियर पुलिस अधिकारियों ने कोई बयान नहीं दिया है और वे इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
गुरपतवंत सिंह पन्नू, जो कि पंजाब के खानकोट का रहने वाला है, पर 2020 में अलगाववाद को बढ़ावा देने और पंजाबी सिख युवाओं को हथियार उठाने के लिए प्रोत्साहित करने का आरोप है। केंद्र सरकार ने 1 जुलाई 2020 को पन्नू को UAPA के तहत आतंकी घोषित किया था।